अगर गोरखपुर नगर निगम क्षेत्र में आपका कोई मकान या दुकान है तो टैक्स जमा करने के लिए आपको नगर निगम आने की आवश्यकता नहीं है। पास के किसी भी एचडीएफसी बैंक की शाखा में जाकर आप अपना बकाया बिल जमा कर सकते हैं। नगर निगम ने इसके लिए एचडीएफसी बैंक से करार कर लिया है। देश की किसी भी एचडीएफसी बैंक की शाखा में आप नगर निगम गोरखपुर संबंधी टैक्स जमा कर सकते हैं।
वर्तमान व्यवस्था के तहत नगर निगम में काउंटर पर टैक्स जमा करने के अलावा ऑनलाइन टैक्स जमा करने की भी सुविधा उपलब्ध है। लेकिन तकनीकी रूप से ज्यादा दक्ष ना हो पाने के कारण कई लोग ऑनलाइन टैक्स जमा नहीं कर पाते हैं। इसको देखते हुए नगर आयुक्त अविनाश सिंह ने नई पहल करते हुए एचडीएफसी बैंक के साथ करार किया है। इसके तहत अब देश की किसी भी एचडीएफसी बैंक की शाखा में नगर निगम गोरखपुर का बकाया टैक्स जमा किया जा सकता है।
तीन मिनट में जमा हो जाएगा नगर निगम का टैक्स
एचडीएफसी बैंक के कलस्टर हेड अमित बहल ने बताया कि नगर निगम का टैक्स जमा करने में अधिकतम 3 मिनट समय लगेगा। प्रावधान के तहत कोई भी व्यक्ति एचडीएफसी बैंक की किसी भी शाखा में नगर निगम का टैक्स जमा करने के लिए जाएगा तो उसे नगर निगम की ओर से एलॉट यूनिक कोड बताना होगा।
बैंक के द्वारा जैसे हैं कोड को डाला जाएगा, वैसे ही नगर निगम के पोर्टल से संबंधित व्यक्ति का बकाया टैक्स की जानकारी बैंक के पास पहुंच जाएगी। रकम जमा करने के साथ की सूचना नगर निगम को मिल जाएगी। वही टैक्स जमा करने वाले व्यक्ति को बैंक की ओर से रसीद भी उपलब्ध करा दिया जाएगा।
नगर आयुक्त अविनाश सिंह ने कहा कि नगर निगम की कोशिश है कि किसी भी व्यक्ति को नगर निगम का टैक्स जमा करने के लिए परेशान ना होना पड़े। इसके तहत फिलहाल एचडीएफसी बैंक के साथ करार किया जा चुका है। किसी भी व्यक्ति को टैक्स जमा करने के लिए नगर निगम नहीं आना होगा बल्कि अपने पास के हैं एचडीएफसी बैंक की शाखा में टैक्स जमा करने के सुविधा उपलब्ध कराई जा रही है। आने वाले समय में कुछ और बैंक में भी यह सुविधा उपलब्ध हो जाएगी।