गोरखपुर में नाले का निर्माण चल रहा है।
- फोटो : अमर उजाला।
गोरखपुर शहर के एचएन सिंह चौराहे के पास मेडिकल कॉलेज नाले का लेवल ऊंचा है। ऐसे में कॉलोनियों का पानी पास नहीं कर रहा है। नगर आयुक्त अविनाश सिंह ने चौराहे के किनारे एल्यूमिनियम फैक्ट्री रोड पर नाली का लेवल एवं स्लोप लेकर नाली को मेन नाले से जोड़ने के अलावा 15 मीटर पक्का नाला बनाने का निर्देश दिया है।
मंगलवार को नगर आयुक्त अविनाश सिंह ने मेडिकल कालेज रोड पर एचएन सिंह, शाहपुर व खजांची चौराहा पर पीडब्लूडी की ओर से बनाए जा रहे नाले का निरीक्षण किया गया। एचएन सिंह चौराहे के पास मेडिकल रोड पर नाले का लेवल ऊंचा होने का कारण पानी पास नही हो रहा था। नाला सूखा मिला। उन्होंने समस्या के समाधान के लिए पीडब्लूडी के सहायक अभियंता राजेश कुमार को निर्देशित किया। इसके बाद नगर आयुक्त ने शाहपुर तिराहे पर पीडब्लूडी की ओर से बनाई जा रही पुलिया का निरीक्षण किया।
वन विभाग चौराहे पर नाले को मेन होल से जोड़ने का काम जल्द पूरा करने का निर्देश दिया। स्पोर्ट्स कालेज रोड पर निरीक्षण के दौरान पार्षद ने बताया कि नाली की गहराई अधिक होने के कारण नाले का पानी नही निकल पाता है, जिससे पूरे क्षेत्र में जलभराव हो जाता है। नगर आयुक्त ने स्पोर्ट्स कॉलेज के नाले का लेवल ठीक करने का निर्देश दिया।