दिल्ली में सीबीआई के ज्वाइंट डायरेक्टर ने गोरखपुर के लाल को सौंपा तिरंगा।
- फोटो : अमर उजाला।
गोरखपुर के रहने वाले युवा पर्वतारोही नीतीश सिंह हिमाचल प्रदेश की 17,355 फीट ऊंची फ्रेंडशिप पीक पर चढ़ाई करेंगे। वह दो सितंबर को हिमाचल की सोलंग वैली से अपने अभियान की शुरूआत करेंगे। बुधवार को सीबीआई के ज्वाइंट डायरेक्टर नवल बजाज ने नीतीश को तिरंगा सौंपकर यात्रा के लिए शुभकामनाएं दीं।
राजेंद्र नगर पश्चिमी, न्यू कॉलोनी के रहने वाले नीतीश के पिता अमरजीत सिंह भारतीय सेना में लांस नायक थे। पिता की उत्तराखंड में तैनाती के दौरान नीतीश आर्मी स्कूल रूड़की में कक्षा पांच में पढ़ाई करते थे। एक बार परीक्षा में शामिल होने के लिए उन्हें हिमाचल प्रदेश स्थित सोलन जाना पड़ा था। इस दौरान पहाड़ों और प्रकृति की अनोखी छंटा ने उनका मन मोह लिया।
दिल्ली विश्वविद्यालय से स्नातक की पढ़ाई के दौरान उनका शौक परवान चढ़ा। राजेंद्र नगर में मां जलसा देवी, भाई नीरज सिंह, दीपक सिंह और बहन नीतू सिंह के साथ रहने वाले नीतीश ने बारहवीं की पढ़ाई राजकीय जुबिली इंटर कॉलेज से की है।
अब तक इन चोटियों पर लहराया तिरंगा
- 2018 में माउंट एवरेस्ट के बेस कैंप और लेह लद्दाख स्थित माउंट स्टॉक कांगड़ी 2019 में अरुणाचल प्रदेश स्थित मीराथांग ग्लेशियर।
- 2020 में उत्तराखंड में स्थित पीनट चोटी और माउंट रूद्र गैरा।
- 2021 में अफ्रीका महाद्वीप की सबसे ऊंची चोटी माउंट किलिमंजारो।