गोरखपुर में बाढ़ को देखते हुए बिजली निगम ने शहरी इलाके में 1151 उपभोक्ताओं के घरों की बिजली काट दी है। कई इलाकों में मोहल्लों तक जाने वाली लाइन बंद है। बिजली निगम के अनुसार पानी बढ़ने की सूचना मिलने के साथ ही प्रभावित इलाकों में बिजली बंद कर दी जा रही है।
फिलहाल विद्युत वितरण खंड द्वितीय के सूरजकुंड, बरगदवां और राजेंद्र नगर बिजली घर के अलावा खंड प्रथम के लालडिग्गी बिजली घर से जुड़े बाढ़ग्रस्त इलाकों में आपूर्ति बंद की गई है। बक्शीपुर के अधिशासी अभियंता अतुल रघुवंशी ने बताया कि जहां-जहां पानी रिसने या भरने की सूचना मिल रही है सुरक्षा के लिहाज से आपूर्ति को बंद कर दिया जा रहा है। बताया कि जब तक स्थिति सामान्य नहीं होगी, आपूर्ति बंद रखी जाएगी।
इन इलाके के घरों में गुल है बिजली
बरगदवां- 25, भागीरथी- 40, तिवारी जी के प्लाट के पास -30, द्वारिका पुरी कॉलोनी- 405, बाले मियां मैदान इलाके में-80, डोमिनगढ़ -154, गणेश नगर और रामपुर नया गांव में 400, लाल डिग्गी इलाके में-17 घरों की बिजली बंद कर दी गई है।
संकट का समय है, जनता भी करे सहयोग: अधिशासी अभियंता
अधिशासी अभियंता ग्रामीण द्वितीय सोमदत्त शर्मा ने लोगों से अपील की है कि बिजली निगम की टीम को बिजली आपूर्ति बंद करने में उपभोक्ता सहयोग करें। बाढ़ के संकट में बिजली आपूर्ति प्रभावी रहेगी तो करंट का खतरा बना रहेगा। फिलहाल, छताई, बसवानपुर, भरवलिया, जयंतीपुर, लालपुर, जैतपुर के साथ कुछ अन्य गांवों की बिजली बंद कर दी गई है। लगभग 500 उपभोक्ताओं की बिजली बंद है। स्थिति सामान्य होने के बाद आपूर्ति शुरू कर दी जाएगी।