एयरपोर्ट टर्मिनल में बैग में बम होने की सूचना के बाद मंगलवार दोपहर में हड़कंप मच गया। सुरक्षाकर्मियों ने टर्मिनल के अंदर मौजूद यात्रियों और कर्मचारियों को बाहर निकालने के बाद बम थ्रेट कमेटी के सदस्यों को सूचना दी। बीडीडीएस (बम डिटेक्शन एंड डिस्पोजल स्क्वाड) को आगमन कक्ष में पिलर के पास संदिग्ध बैग मिला। टीम ने पूरी सतर्कता से इसे निस्तारित किया। कार्रवाई पूरी होने के बाद एयरपोर्ट प्रशासन ने इसे सुरक्षा के लिए किया गया माॅक ड्रिल बताया जिसके बाद यात्रियों व कर्मचारियों ने राहत की सांस ली।
जानकारी के मुताबिक, मंगलवार दोपहर बाद 3:50 बजे एयरपोर्ट के अधिकारियों को आगमन कक्ष के बाहर बम रखे जाने की सूचना मिली थी। सूचना मिलने पर बम थ्रेट कमेटी के के सदस्य 10 मिनट के भीतर पहुंच गए। शाम 4:07 बजे बीडीडीएस की टीम परिसर में पहुंच गई। इससे पहले एयरपोर्ट सुरक्षा यूनिट (एपीएसयू) एवं भारतीय वायु सेना की डाग स्क्वाड की टीम ने पिलर के पास मौजूद बैग का पता लगा लिया।
बम थ्रेट मॉक ड्रिल की कार्रवाई के दौरान एयरपोर्ट निदेशक एके द्विवेदी, प्रचालन प्रभारी विजय कौशल, मुख्य सुरक्षा अधिकारी दिनेश कुमार गुप्ता, सीओ एलआईयू अभिषेक राहुल, भारतीय वायु सेना सुरक्षा की टीम, सीएफओ, अपर मुख्य चिकित्सा अधिकारी मेडिकल टीम व एंबुलेंस के साथ मौजूद रहें।