गीडा इलाके के जायसवाल ढाबा के पास से चालक के हाथ-पैर बांधकर बदमाश ट्रक लेकर संतकबीरनगर पहुंचे और मगहर चौकी से पहले उससे लूटपाट की। आरोप है कि बदमाश आठ हजार रुपये, एक मोबाइल फोन के साथ ही ट्रक का टायर भी खोलकर ले गए। पीड़ित की सूचना पर पहुंची पुलिस मामले की जांच कर रही है।
कुशीनगर के कसया इलाके के मठिया गांव निवासी मनीष जायसवाल ट्रक चलाते हैं। औद्योगिक विकास प्राधिकरण सेक्टर 13 में एचडी ग्लास फैक्ट्री से डिस्पोजल गिलास लोडकर नोएडा जाने के लिए बुधवार की रात निकले थे। रास्ते में जायसवाल ढाबा पर रुके थे। इसी दौरान चार बदमाश आए और ट्रक का गेट खोलकर फिर असलहा लगाकर उसे बंधक बना लिया।
बदमाशों ने गीडा थाना क्षेत्र से लगभग 10 किलोमीटर दूर संतकबीरनगर जिले के कोतवाली थाना के मगहर चौकी से एक किलोमीटर पहले ट्रक रोका और फिर टायर, नकदी और मोबाइल लूटकर फरार हो गए। भोर में टहल रहे ग्रामीणों को देखकर ड्राइवर ने गाड़ी के अंदर से आवाज लगाई। ग्रामीणों ने ड्राइवर का हाथ-पैर खोला। सूचना पर आई मगहर चौकी की पुलिस ने ट्रक ड्राइवर को गीड़ा थाना क्षेत्र की घटना बताते हुए गीडा थाने भेज दिया।
संतकबीरनगर पुलिस ने लौटाया
चालक के मुताबिक, बृहस्पतिवार सुबह पुलिस आई, लेकिन कार्रवाई की जगह घटना होने की जगह गीडा इलाका बताकर वहां शिकायत करने को कहा। पीड़ित ने गीडा पुलिस को भी सूचना दी है। पुलिस ने मामले की छानबीन शुरू कर दी है।