सिद्धार्थनगर जनपद की सीमा पर स्थित आमी नदी में दो दिन पूर्व लापता हुए 22 वर्षीय युवक का शव घटनास्थल से करीब दो किलोमीटर दूर मिला। सूचना पर पहुंची रुधौली पुलिस ने एनडीआरएफ की टीम गोताखोरों की मदद से रंजीत पुत्र प्रकाश का शव बाहर निकलवा कर पोस्टमार्टम के लिए भेजा।
शनिवार को रुधौली थाना क्षेत्र के उत्तरी छोर पर स्थित कड़सरा पुल से आमी नदी में दो दोस्त रंजीत और संतोष नहाने के लिए नदी में कूदे थे। नदी में पानी अधिक होने के कारण दोनों डूबने लगे। रंजीत तेज बहाव में लापता हो गया था।
सोमवार को उसका शव 48 घंटे बाद नदी में घटनास्थल से करीब दो किलोमीटर आगे उतराता दिखा। प्रभारी निरीक्षक संजय कुमार मिश्र ने बताया कि रंजीत के पिता दिल्ली में रहकर प्राइवेट नौकरी करते हैं। पिछले वर्ष ही रंजीत की शादी हुई थी। उसकी पत्नी गर्भवती है। इस घटना से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है।