गोरखपुर जिले के गगहा थाना क्षेत्र के मिश्रौली व नेवार के बीच बुधवार की रात में आठ बजे बाइक सवार बदमाशों ने एक युवक को निशाना बनाकर गोली मार दी। गोली युवक के कान को जख्मी करते हुए निकल गई। दोस्त के जन्मदिन की पार्टी से लौट रहे इस युवक को परिजन पीएचसी कौड़ीराम लेकर गए। प्राथमिक उपचार के बाद जांच के लिए जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया। घटना की सूचना पर एसपी सिटी भी मौके पर पहुंचे।
जानकारी के अनुसार, ग्राम सभा नेवरा के बासीपार निवासी राम आशीष यादव का 18 वर्षीय पुत्र प्रतीक यादव ग्राम मुसाइला में अपने दोस्त के जन्मदिन पार्टी में गया था। वहां से रात आठ बजे बाइक से घर आ रहा था।
प्रतीक के मुताबिक मिश्रौली व नेवरा के बीच बाइक सवार दो अज्ञात लोगों ने ओवरटेक कर रोक लिया। बाइक रुकते ही उसमें से एक ने फायर कर दिया। फायरिंग के बाद युवक बाइक से भाग निकले। गोली चलने की सूचना पर पहुंचे प्रतीक के पिता रामअशीष मौके पर पहुंचे और अस्पताल ले गए।
एसपी साउथ अरुण कुमार सिंह ने मौके पर पहुंचकर युवक का बयान दर्ज किया। एसओ गगहा अमित कुमार दूबे ने बताया कि घायल युवक के पिता ने अज्ञात के खिलाफ तहरीर दी है। छानबीन कर केस दर्ज होगा।