हनुमान प्रसाद पोद्दार कैंसर अस्पताल में पांच लाख रुपये की हेराफेरी का मामला सामने आया है। आरोप है कि दो कर्मचारियों ने गबन किया है। अस्पताल प्रबंधन ने दोनों को निलंबित कर दिया। सहायक प्रबंधक ने दोनों के खिलाफ मुकदमा दर्ज करने के लिए शाहपुर थाने में तहरीर दी है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
सहायक प्रबंधक अवनीश कुमार पांडेय ने तहरीर में लिखा है कि आरोपी कर्मचारियों से लेखा-जोखा मांगा गया तो पांच लाख रुपये का हिसाब नहीं दे पाए। पूछताछ शुरू की गई तो दोनों एक-दूसरे पर आरोप लगाने लगे।
सहायक प्रबंधक ने इसे गंभीरता से लेते हुए दोनों को निलंबित कर दिया। असुरन चौकी इंचार्ज आशीष कुमार ने कहा कि दोनों कर्मचारियों से पूछताछ की गई है। उन्हें कहा गया है कि वह शहर से अभी बाहर नहीं जाएंगे। जांच में सहयोग करेंगे। जांच के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।