गोरखपुर जिले के तरकुलहा मेले में स्थित दो दुकानों में बृहस्पतिवार रात में आग लग गई। सूचना पर पहुंचे दमकल कर्मियों ने कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। आग लगने की इस घटना में करीब 10 लाख रुपये से अधिक के सामान की क्षति का अनुमान लगाया जा रहा है।
चौरीचौरा थाना क्षेत्र के नगर पंचायत मुंडेरा बाजार के वार्ड नंबर 11 निवासी शंभू चौरसिया तरकुलहा मेले में किराना की दुकान चलाते हैं। बृहस्पतिवार रात में शंभू दुकान बंद करके घर चले गए। रात में करीब डेढ़ बजे इनकी दुकान में आग लग गई। आसपास के लोगों ने आग बुझाने की कोशिश की मगर लपटें इतनी तेज थीं कि आग पर काबू पाना मुश्किल हो गया था।
रात में करीब ढाई बजे दमकल कर्मी गाड़ी लेकर पहुंचे और बड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। शंभू के बगल में मुंडेरा बाजार के ही रहने वाले शिवकुमार की भी प्रसाद की दुकान है। आग से बगल के शिवकुमार की दुकान में करीब 10 हजार रुपये का सामान जल गया। शंभू की दुकान में करीब 10 लाख रुपये का सामान जलनेे की बात कही जा रही है।