देवरिया जिले के रुद्रपुर नगर के मस्जिद वार्ड में एक विवाहिता की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। मोहल्ले वालों के अनुसार बुधवार शाम को पति- पत्नी के बीच विवाद हुआ था। रात करीब 11 बजे संदिग्ध परिस्थितियों में उसकी मौत हो गई। मृतका के पति को पुलिस हिरासत में लेकर शव को पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल भेज दिया।
जानकारी के अनुसार, नगर के मस्जिद वार्ड निवासी सोनू सिद्दकी विदेश में कमाई करता था। दस दिन पूर्व ही वह घर लौटा है। बुधवार को सोनू अपनी पत्नी सकीना 22 वर्ष और मां को लेकर अपनी बहन के यहां एक शादी समारोह में शामिल होने गया था। शाम करीब छह बजे वह अपनी पत्नी को लेकर बाइक से घर लौट आया।
मोहल्ले वालों के अनुसार किसी को बात को लेकर पति-पत्नी में विवाद हुआ। रात करीब 11 बजे सोनू की मां कमरुनिशा भी रिश्तेदारी से घर लौटी। उन्होंने कमरे में सकीना का शव देख शोर मचाया। गुरुवार की सुबह पुलिस ने मृतका के पति को हिरासत में ले लिया।
मृतका की शादी चार साल पहले सोनू से हुई थी। उसका मायका सदर कोतवाली के बसडीला परसिया गांव में है । कोतवाल जितेंद्र तिवारी ने कहा मौत के कारणों का स्पष्ट पता पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही पता चलेगा। मृतका के पति को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है। अभी कोई तहरीर नहीं मिली है।