गोरखपुर में होटलों में कई बार जानें गईं मगर, मामले खुल नहीं पाते। ज्यादातर मामलों को पुलिस खुदकुशी बताकर, पल्ला झाड़ लेती है तो जिन घटनाओं में हत्या के मुकदमे दर्ज हुए, उनमें से भी अधिकतर में पुलिस आज तक तफ्तीश को किसी सिरे नहीं लगा सकी।
जानकारी के मुताबिक, स्टेशन रोड के होटल या शहर के अन्य होटल में लाश मिलती रहीं हैं। कई बार हत्या का भी आरोप लग चुका है, लेकिन ठहरने वाले अधिकतर लोग बाहर का होते हैं, जिस वजह से परिवार वाले ज्यादा विरोध नहीं कर पाते है। ऐसे में मामला दब जाता है। इस बार होटल में मामला होने पर दो प्रत्यक्षदर्शी गवाह मौजूद थे, जिस वजह से पुलिस पर गंभीर आरोप लगा और मामला जग जाहिर हो गया।
खुदकुशी बताकर फाइल बंद करती पुलिस...
- वर्ष 2001 में स्टेशन रोड के एक होटल में बेलीपार थाना क्षेत्र के भिलोरा निवासी ग्राम विकास अधिकारी की लाश मिली थी। हत्यारोपी आज तक नहीं पकड़े गए।
- वर्ष 2003 में स्टेशन रोड के होटल में ही नेपाल के कृष्णानगर निवासी व्यक्ति की लाश मिली थी। हत्या के इस मामले का भी राज अभी तक राज ही है।
- वर्ष 2007 में होटल में ठेकेदार की लाश मिली थी। शाहपुर के बौलिया कालोनी निवासी ठेकेदार को कमरे में हत्या करने के बाद शव को गद्दे में लपेट कर जला दिया गया था। इस मामले में एक आरोपी गिरफ्तार हुआ था।
- 28 जनवरी 2010 को होटल में 50 वर्षीय व्यक्ति का शव मिला था। हत्या करने के बाद शव को बेड के नीचे डाल दिया गया था। उस व्यक्ति ने घटना से दो दिन पहले दो लोगों के साथ होटल में कमरा बुक कराया था।
- 3 जुलाई 2010 को कोतवाली थाना क्षेत्र में होटल में 26 वर्षीय नरायण दत्त गौड़ की लाश मिली थी। सिद्धार्थनगर जिले के बांसी थाना अंतर्गत आजादनगर निवासी नारायण दत्त का शव पंखे से लटकता मिला था।
- अक्तूबर 2010 में रेलवे स्टेशन रोड पर गेस्ट हाउस में तीस वर्षीय युवक की लाश मिली थी।
- 23 नवंबर 2011 को स्टेशन के सामने होटल में कुशीनगर जिले के हाटा कोतवाली थाना अंतर्गत थरुआडीह निवासी दिनेश सिंह और गोरखनाथ के हुमायूॅपुर उत्तरी निवासी कविता बरनवाल का शव मिला था। कविता भी मूल रूप से कुशीनगर जिले की ही रहने वाली थी। पुलिस ने उनकी मौत को खुदकुशी बताया था।
- 19 जुलाई 2012 को होटल की तीसरी मंजिल पर बने कमरे में उत्तर यूरोपीय देश फिनलैंड की मर्जा लिंजा एनली का शव मिला था। पुलिस ने उनकी मौत की वजह दिल का दौरा पड़ना बताया था, जबकि पोस्टमार्टम रिपोर्ट में सिर में लगी चोट को उनकी मौत का कारण बताया गया था।