महराजगंज जिले के निचलौल थानाक्षेत्र के खमहौरा गांव के टोला बंजरिया में 8 जून को बरात में शामिल एक युवक की हत्या कर दी गई थी। इस मामले में पुलिस ने दोनों आरोपियों को शुक्रवार को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि भाई की मौत का बदला लेने के लिए मंटू का चाकू से गोद डाला था। आरोपियों के पास से एक बाइक तथा चाकू भी बरामद किया गया है।
एसपी प्रदीप गुप्ता ने बताया कि खमहौरा गांव के टोला बंजरिया स्थित ईंट भट्ठे के पीछे गन्ने के खेत में 12 जून को कुशीनगर जिले के थाना खड्डा क्षेत्र के तुरकहा निवासी 22 वर्षीय मंटू भारती का शव मिला था। पोस्टमार्टम रिपोर्ट में युवक की चाकू से गोदकर हत्या करने की रिपोर्ट आने के बाद पुलिस ने मृत युवक के पिता शारदा प्रसाद की तहरीर के आधार पर दो आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर उनकी तलाश में जुटी थी। 17 जून की रात करीब दस बजे निचलौल पुलिस ने मुखबिर की सूचना पर दोनों आरोपितों को झुलनीपुर नहर पर घेराबंदी कर गिरफ्तार कर लिया।
एसपी ने बताया कि मुख्य आरोपी सरफराज (21) निवासी तुरकहा थाना खड्डा ने पूछताछ में बताया कि छह माह पहले मंटू भारती के चलते भाई इरशाद ने जहर खाकर आत्महत्या कर ली थी, तभी से भाई की मौत का बदला लेने के लिए अवसर की तलाश में था। आठ जून को गांव से एक बरात निचलौल थानाक्षेत्र के खमहौरा गांव के टोला बंजरिया गई थी, उसमें मंटू भारती भी शामिल था।
भाई की मौत का बदला लेने अपने साथी शमशाद (20) निवासी वार्ड नंबर 2 गांधीनगर थाना खड्डा के साथ बरात में शामिल होने बंजरिया पहुंच गया। मंटू को शराब पिलाने के बहाने आबादी से सटे ईंट भट्ठे के पीछे ले गया। उसके बाद साथी शमशाद की मदद से मंटू को चाकू से गोदकर मार डाला। शव को गन्ने की खेत में छिपा दिया।