देवरिया जिले के रेलवे स्टेशन पर शनिवार को ट्रेन से कटकर युवक की मौत हो गई। सूचना मिलते ही घर में कोहराम मच गया। युवक की शिनाख्त प्लेटफार्म पर पड़े बैग में मिले आईडी कार्ड से हुई। जीआरपी ने शव को पोस्टमार्टम को भेज दिया।
खामपार थाना क्षेत्र के पुरैना गांव निवासी सत्यपाल उर्फ पप्पू प्रसाद (22) लखनऊ में प्राइवेट कंपनी में नौकरी करता था। शुक्रवार देर रात वह किसी ट्रेन से भटनी पहुंचा और घर जाने के लिए सुबह का इंतजार करने लगा। शनिवार सुबह प्लेटफार्म नंबर तीन पर रेल लाइन पार करते समय ट्रेन की चपेट में आ गया। उसकी मौके पर ही मौत हो गई।
जीआरपी ने बैग से मिले आईडी कार्ड से युवक की पहचान हुई। इसकी सूचना मिलते ही पुरैना गांव में शोक की लहर दौड़ गई। मृतक की मां और पत्नी बेसुध होकर रोने लगी। इस बाबत प्रभारी जीआरपी एसओ अंगद कुमार ने बताया कि ट्रेन से कटकर युवक की मौत हुई है। प्रत्यक्षदर्शियों की मानें तो लाइन पार करते समय वह ट्रेन की चपेट में आ गया।
एकलौता संतान था सत्यपाल उर्फ पप्पू
सत्यपाल उर्फ पप्पू परिवार का एकलौता कमाऊ सदस्य था। पिता की मौत के बाद उसी पर परिवार की पूरी जिम्मेदारी थी। उसके असमय चले जाने से परिवार में रोटी के लाले भी पड़ गए है। पिता की मौत के बाद सत्यपाल लखनऊ में प्राइवेट कंपनी में नौकरी करता था। उसी से परिवार का भरण-पोषण हो रहा था। चार महीने पूर्व ही उसकी शादी हुई थी। उसकी मौत से पत्नी पर मानो दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। वह बस पति की तस्वीर देख कर रोये जा रही है। यहां नजारा देख मौजूद हर किसी की आंखें नम हा जा रही हैं। मां कौशल्या देवी बार-बार बेहोश हो जा रही थीं।