धान की उपज सरकारी एजेंसियों पर बेचने की तैयारी कर रहे किसान अपने आधार से मोबाइल फोन का नंबर लिंक करा लें। आधार से मोबाइल लिंक नहीं होने पर वह अपनी उपज एजेंसियों पर नहीं बेच सकेंगे। धान बिक्री के लिए किसानों को उप्र खाद्य एवं रसद विभाग के पोर्टल पर पंजीकरण कराना होगा।
जनपद में इस वर्ष रबी उपज की डेढ़ लाख मीट्रिक टन से अधिक की रिकॉर्ड खरीद हुई है। खरीफ यानी धान की फसल की खरीदारी के लिए भी प्रशासन ने तैयारियां शुरू कर दी हैं। मंगलवार से खरीफ उपज की बिक्री के लिए किसानों के ऑनलाइन पंजीकरण की प्रकिया शुरू हो गई है। जिला खाद्य विपणन अधिकारी राकेश मोहन पांडेय ने बताया कि इस बार पंजीकरण के बावजूद केवल उन्हीं किसानों की उपज खरीदी जाएगी जिनका मोबाइल फोन नंबर आधार से लिंक हो। खरीद से पहले किसान के आधार लिंक मोबाइल फोन नंबर पर ओटीपी भेजा जाएगा।
ओटीपी सत्यापन के बाद ही उसकी उपज खरीदी जाएगी। धान की उपज बेचने के इच्छुक अपना पंजीकरण उप्र खाद्य एवं रसद विभाग के पोर्टल (
www.fcs.up.gov.in) पर पंजीकरण कराएं। जिला खाद्य विपणन अधिकारी राकेश मोहन पांडेय ने सभी किसानों से अपील की है कि पंजीकरण कराने के साथ ही आधार से मोबाइल नंबर अवश्य लिंक करा लें ताकि बिक्री के समय कोई समस्या नहीं उत्पन्न हो।