गोरखपुर जिले के चौरीचौरा के भोंपा बाजार में 25 मार्च को सैनिक को शहीद का दर्जा दिलाने की मांग को लेकर हुए बवाल में लापरवाही पाए जाने पर अब चौरीचौरा इंस्पेक्टर सुबोध कुमार को भी एसएसपी डॉ. विपिन ताडा ने लाइनहाजिर कर दिया। इसके पहले झंगहा इंस्पेक्टर संतोष अवस्थी को निलंबित किया गया था।
जानकारी के मुताबिक, झंगहा थाना क्षेत्र के राघवपट्टी निवासी सेना के जवान धनंजय यादव के निधन पर सम्मान न मिलने को लेकर 25 मार्च को जवान का शव रखकर परिवारवालों के साथ ग्रामीणों ने भोंपा बाजार में जाम लगाया था। पांच घंटे तक चले जाम के दौरान कुछ उपद्रवियों ने पुलिस और प्रशासनिक अधिकारियों पर पथराव करने के साथ ही गाड़ियों में तोड़फोड़ कर दी थी।
इस मामले में सात एफआईआर दर्ज हुए थे जिसमें 56 नामजद और 200 अज्ञात लोग शामिल थे। पुलिस ने अब तक 13 लोगों को गिरफ्तार कर लिया है। मुख्य आरोपी सपा नेता मनुरोजन यादव, नरसिंह यादव, अरविंद यादव पर एसएसपी ने 25-25 हजार रुपये का इनाम घोषित किया है। इसी बीच एसएसपी ने इंस्पेक्टर चौरीचौरा को भी लाइन हाजिर कर दिया।
चार थानेदारों का कार्यक्षेत्र बदला
एसएसपी ने चार थानेदारों का कार्यक्षेत्र बदल दिया। इनमें खजनी इंस्पेक्टर मनोज पांडेय को चौरीचौरा का नया थानेदार बनाया गया। बांसगांव में एसएसआई रहे राजेंद्र मिश्र को झंगहा की थानेदारी सौंपी गई। इसी तरह गोला इंस्पेक्टर रहे राहुल सिंह को गीडा और गीडा इंस्पेक्टर रहे विनय कुमार सरोज को खजनी, बेलीपार इंस्पेक्टर दिलीप पांडेय को गोला और अपराध शाखा में तैनात सत्य प्रकाश सिंह को बेलीपार का नया थानेदार बनाया गया।