गाड़ी गिर जाने की वजह से फैजान की जान बच गई।
- फोटो : अमर उजाला।
गोरखपुर जिले के पिपराइच इलाके के जंगल सुभान अली पेट्रोल पंप के पास बुधवार को सड़क हादसे में दंपती और उनकी बेटी की मौत हो गई। जबकि बाइक पर सवार बेटा बाल-बाल बच गया। बेटे को पुलिस ने सुरक्षित थाने में रखा है और उसके घरवालों को सूचना दे दी है। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। मृतक बाइक से ही पत्नी और दो बच्चों को बिना हेलमेट लेकर कुशीनगर से गोरखपुर दवा कराने आ रहा था।
मृतक की पहचान कुशीनगर के रामकोला इलाके के लाला छपरा गांव निवासी फारुक अंसारी (35), उनकी पत्नी नजमा खातुन (32), नूरी (8) के रूप में हुई है। पांच साल के बेटा फैजल अंसारी को मामूली चोट आई है। वह बाइक से छटक कर दूर जा गिरा था। जानकारी के मुताबिक, फारूक अंसारी, पत्नी बच्चों को लेकर गोरखपुर किसी डॉक्टर के यहां पर दवा कराने आ रहे थे।
रास्ते में पिपराइच के जंगल सुभान अली पेट्रोल पंप के सामने अचानक आगे चल रहे ऑटो वाले ने ब्रेक लगा दिया और पीछे से आ रहे तेज रफ्तार से फारुक अंसारी बाइक पर नियंत्रण नहीं कर पाए। बाइक ऑटो में जा घुसी। हादसे में बेटी और दंपती गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसा होता देख वहां पर मौजूद लोग दौड़े और अस्पताल ले गए मगर तीनों की मौत हो गई।