कैंट स्टेशन की क्रॉसिंग पर लगने वाले जाम से शहर वासियों को जल्द ही मुक्ति मिलेगी। रेल मंत्रालय ने इस क्रॉसिंग पर अंडरपास बनाने के लिए तीन करोड़ रुपयों का प्रावधान बजट में किया है। बजट में यात्री सुविधाओं के साथ ही क्षमता विकास और आधारभूत ढांचे के सुदृढ़ीकरण पर जोर दिया गया है।
अंडरपास के साथ ही कैंट स्टेशन का भी कायाकल्प छह करोड़ रुपये से किया जाएगा। इस स्टेशन की आधारभूत सुविधाएं इस तरह से विकसित की जाएंगी कि भविष्य में इसे जंक्शन का रूप देकर डेमू-मेमू ट्रेनों का संचालन यहीं से किया जाए। सेटेलाइट स्टेशन कैंट के विकास का कार्य काफी पहले से चल रहा है। छह करोड़ रुपये बजट मिलने से काम और जल्द पूर्ण होने की उम्मीद है।
पूर्वोत्तर रेलवे को मिला पिछले साल से ज्यादा धन
रेल मंत्रालय ने इस वर्ष उत्तर पूर्व रेलवे को पिछले वर्ष की अपेक्षा बजट में करीब 220 करोड़ अधिक रुपये आवंटित किए हैं। रेल अधिकारियों के मुताबिक बजट का बड़ा हिस्सा रेल लाइनों के दोहरी और तिहरीकरण पर खर्च किया जाएगा। ट्रैक बढ़ने और उनकी क्षमता विकास से नई ट्रेने चलाने का रास्ता खुलेगा। ट्रेनोें के लेट होने की समस्या भी कम होगी तो यात्रियों की वेटिंग लिस्ट भी घटेगी।