उन्होंने कहा कि कांग्रेस के साथ कई दलों का गठबंधन है, जिनका एक ही उद्देश्य है, किसी तरह सत्ता हथिया लें और मनचाहा प्रधानमंत्री बना दें। भाजपा के 10 सालों के शासन में पाकिस्तान घुटनों पर आ गया है, उसके हाथ में कटोरा है। पाकिस्तान में कांग्रेस का डंका बज रहा है। देश में इंडी गंठबंधन की सरकार बनी तो सबसे ज्यादा खुशी पाकिस्तान को होगी। डिप्टी सीएम ने राहुल गांधी और अखिलेश यादव को निशाने पर लेते हुए कहा कि संविधान खतरे में नहीं है बल्कि दोनों की राजनीति पर गंभीर खतरा मंडरा रहा है।
2024 में जनता इन दोनों की राजनीति खत्म कर देगी। उन्होंने कहा भाजपा सबका साथ सबका विकास के सिद्धांत पर काम करती है, लेकिन कांग्रेस का सिद्धांत सबका साथ मुसलमानों का विकास है। अभी अयोध्या का विकास आपने देखा है, मथुरा काशी को भी इसी तर्ज पर विकसित करना है। मोदी ने नारा दिया था न खाऊंगा न खाने दूंगा और जिसने खा लिया है, उससे पाई पाई वसूल करूंगा। कांग्रेस की सरकार थी तो गरीबों को अमीर और अमीरों को गरीब दिखाकर सरकारी धन की लूट की। कांग्रेस को गरीबों की भलाई रास नहीं आ रही है। मोदी जी के कार्यकाल में पाकिस्तान कटोरा लेकर भीख मांग रहा है। इससे पहले भारत दुनिया के सामने गिडगिड़ाता था।
डिप्टी सीएम ने कहा समाजवादी पार्टी समाप्तवादी पार्टी बनने जा रही है। कन्नौज से अखिलेश यादव चुनाव हार चुके हैं बस गिनती बाकी है। उन्होने मंच से भाजपा सांसद हरीश द्विवेदी द्वारा कराए गए विकास कार्यो को भी गिनाया और जनता से उनको जिताने की अपील की। कहा आपने सपा-कांग्रेस के गठबंधन में भी हरीश द्विवेदी को चुनकर भेजा था। आज इंडी गठबंधन लड़ रहा है, पिछली बार से ज्यादा वोटों से हरीश द्विवेदी को जिताकर भेजना होगा। उन्होंने दो बार लगातार हरीश द्विवेदी को चुनाव जिताने पर जनता का आभार जताया। उन्होंने भीड़ से हाथ उठवाकर पूछा, मोदी जी को तीसरी बार प्रधानमंत्री बनाएंगे क्या? भीड़ से आवाज आई बनाना चाहते हैं। डिप्टी सीएम के आगमन पर पुलिस प्रशासन की ओर से कड़ी सुरक्षा व्यवस्था की गई थी।