अयोध्या एवं कानपुर में भी गोरखपुर की तरह आउटर रिंग रोड बनाया जाएगा। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने भारतीय राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण (एनएचएआई) की चेयरपर्सन अलका उपाध्याय को इसके लिए प्रस्ताव बनाने को कहा है। चेयरपर्सन ने इस पर सहमति जताते हुए बताया था कि दोनों शहरों में रिंग रोड बन जाने से इन शहरों में यातायात का दबाव तो कम होगा ही समय की भी बचत होगी।
एनएचएआई चेयरपर्सन ने 14 जुलाई को मुख्यमंत्री से गोरखनाथ मंदिर में मुलाकात की थी। मुख्यमंत्री ने गोरखपुर की तर्ज पर कानपुर एवं अयोध्या में भी रिंग रोड बनाने को कहा, जिस पर चेयरपर्सन ने प्रस्ताव तैयार कराने की बात कही।
मुख्यमंत्री ने गोरखपुर-शामली एक्सप्रेस वे को अयोध्या-लखनऊ की बजाय तराई के जिलों से गुजारने को कहा है। इस सुझाव के बाद एक्सप्रेस वे को संतकबीरनगर, सिद्धार्थनगर, बलरामपुर, बहराइच आदि जिलों से गुजारने के लिए सर्वे किए जाने की तैयारी है।