बस्ती जिले के परशुरामपुर थाना क्षेत्र के राष्ट्रीय राजमार्ग पर घघौवा चौकी के सामने शनिवार की रात करीब आठ बजे बस्ती से फैजाबाद जा रहा एक बाइक सवार अनियंत्रित होकर डिवाइडर से टकराकर दुर्घटनाग्रस्त हो गया। जिसके चलते बाइक सवार गंभीर रूप से घायल हो गया। घायल की पहचान जिला मुख्यालय पर सिंचाई विभाग में तैनात कर्मचारी 38 वर्षीय संजय कुमार पुत्र तालुकदार निवासी पूरे अगनी थाना पूराकलंदर जनपद अयोध्या के रूप में हुई।
मौके पर मौजूद घघौवा चौकी प्रभारी अजय कुमार सिंह ने तत्काल घायल को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र विक्रमजोत पहुंचाया। जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। चौकी प्रभारी अजय कुमार सिंह ने बताया कि बस्ती में सिचाई विभाग में चतुर्थ श्रेणी कर्मचारी बाइक से फैजाबाद अपने घर जा रहे थे कि अचानक घघौवा में उनकी गाड़ी अनियंत्रित होकर हाईवे पर डिवाइडर से टकरा गई। घायल को सीएचसी विक्रमजोत पर डॉक्टरों द्वारा मृत घोषित कर दिया गया। मृतक के परिजनों को सूचित कर शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज जिया गया है।