परिवहन निगम ने भारत-नेपाल सीमा खुलने के बाद बस सेवा की सौगात देने की तैयारी फिर से शुरू कर दी है। शासन की हरी झंडी मिलते ही गोरखपुर से काठमांडू के बीच एसी जनरथ बस का संचालन शुरू हो जाएगा।
भारत-नेपाल बस सेवा शुरू करने के लिए नेपाल परिवहन के पदाधिकारी भी उत्सुक हैं। परिवहन निगम परिक्षेत्र के अधिकारियों से संपर्क भी साधने लगे हैं। प्राथमिक स्तर पर वार्ता भी शुरू हो गई है। नेपाल परिवहन के पदाधिकारियों के रुझान को देखते हुए परिवहन निगम गोरखपुर परिक्षेत्र ने भी कवायद शुरू कर दी है। जल्द ही बैठक कर बसों की संख्या व श्रेणी, किराया और मरम्मत आदि बिंदुओं पर चर्चा की जाएगी। सहमति बनने के बाद प्रस्ताव तैयार कर मुख्यालय लखनऊ और नेपाल परिवहन को भेज दिया जाएगा।
दोनों तरफ से अनुमति मिलते ही बसों का संचालन शुरू हो जाएगा। दरअसल, पिछले साल लॉकडाउन में भारत-नेपाल सीमा बंद होते ही गोरखपुर-काठमांडू, वाराणसी-गोरखपुर-काठमांडू और दिल्ली-गोरखपुर-काठमांडू बस सेवा ठप हो गई। अब सीमा भी खुल गई है और स्थिति भी सामान्य हो गई है। ऐसे में बस सेवा शुरू करने की मांग जोर पकड़ने लगी है।
परिवहन निगम के क्षेत्रीय प्रबंधक पीके तिवारी ने बकाया कि भारत-नेपाल बस सेवा फिर से शुरू करने की तैयारी चल रही है। मुख्यालय के दिशा-निर्देश व नेपाल परिवहन की ओर से पहल के क्रम में आगे की प्रक्रिया शुरू की जाएगी।