गोरखपुर शहर के सूर्यकुंड ओवर ब्रिज के पास एक बदमाश ने मोबाइल फोन लूटने के लिए चलती ट्रेन में दरवाजे के पास खड़े युवक पर डंडे से प्रहार किया। अचानक हुए हमले में बिहार निवासी प्रमोद चलती ट्रेन से नीचे गिर गया और उसे गंभीर चोटें लगी हैं। उसे जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
शहर के डोमिनगढ़ रेलवे स्टेशन व उसके आसपास रेललाइन के किनारे मनबढ़ हाथ में डंडा लिए खड़े रहते हैं। चलती ट्रेन में अगर कोई व्यक्ति खिड़की-गेट के पास मोबाइलफोन से बात करता हुआ दिखता है तो वे उसपर डंडे से प्रहार कर उसका मोबाइलफोन गिरा देते हैं। इसके पीछे उनकी मंशा रेलयात्रियों के मोबाइलफोन को लूटने की होती है।
ट्रेन जब तक रुकती है, ये बदमाश मोबाइलफोन लेकर भाग चुके होते हैं। लोग ऐसे मामलों में बहुत शिकायत नहीं करते हैं। लिहाजा पुलिस भी वहां कोई कार्रवाई नहीं करती है। रविवार को मामले की जानकारी मिलते ही जीआरपी के अलावा नजदीकी सूर्य विहार पुलिस चौकी के सिपाही भी मौके पर पहुंचे व घायल प्रमोद को सदर अस्पताल भिजवाया।
आरपीएफ इंस्पेक्टर राजेश कुमार सिन्हा ने कहा कि मामले की जानकारी नहीं मिली है फिर भी छानबीन कराई जाएगी। अगर ऐसा हुआ तो दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी।