गोरखपुर में मौसम विभाग के अनुसार सोमवार सर्द दिन रहा। दिन भर चली पछुआ हवा ने गलन भरी ठंड बनी रही। सोमवार को अधिकतम तापमान 16 डिग्री सेल्सियस रहा जो सामान्य से सात डिग्री सेल्सियस कम रहा। गलन भरी ठंड पर लोगों का राममयी उत्साह भारी पड़ा। राम मंदिर प्राण प्रतिष्ठा कार्यक्रम को लेकर बुजुर्ग, नौजवान और बच्चे सब उत्साह में नजर आए।
दो दिन से लगातार पछुआ हवा चलने से न्यूनतम तापमान में लगातार गिरावट दर्ज की जा रही है। न्यूनतम तापमान तीन दिन में करीब तीन डिग्री सेल्सियस गिर गया है। शुक्रवार को न्यूनतम तापमान 10.3 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया था। वहीं, सोमवार को न्यूनतम तापमान 7.3 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। जो सामान्य से एक डिग्री सेल्सियस कम है। सोमवार को दिन में अधिकतम तापमान में सामान्य से 7 डिग्री सेल्सियस कम 16 दर्ज किया गया।
लेकिन कड़ाके की ठंड का लोगों के उत्साह पर कोई खास असर नहीं दिखा।
इसे भी पढ़ें: अयोध्या को लेकर सुरक्षा-व्यवस्था रही शानदार मगर टोल प्लाजा को लगा झटका, एक करोड़ के नुकसान का अनुमान
सुबह से ठंड के बावजूद लोग शहर में जगह-जगह राम मंदिर प्राण प्रतिष्ठा के उपलक्ष्य में तैयारी करने में जुटे रहे। महिला, पुरुष, बुजुर्ग, युवा से लेकर बच्चों तक में राममयी उत्साह ठंड पर भारी पड़ा। पछुआ हवा चलने से आसमान साफ होने पर दोपहर में सूरज की किरणें नीचे पहुंचने से लोगों ने राहत महसूस की। मौसम विभाग ने मंगलवार को अधिकतम तापमान 16 व न्यूनतम तापमान 7 डिग्री सेल्सियस रहने का अनुमान जताया है।