संध्या की हौसला आफजाई के लिए सोमवार को निषाद पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष संजय निषाद उसके घर पहुंचे। उन्होंने उसे सम्मानित किया और निषाद बिरादरी का रोल मॉडल बताया। डॉ. संजय निषाद ने संध्या के हौसले की तारीफ की और पढ़ाई में हर तरह की मदद का भरोसा दिया। उन्होंने कहा कि समाज की दूसरी बेटियों को संख्या से सीख लेनी चाहिए। उन्होंने कहा कि जल्दी ही सरकार से हर जिले में निषादों के लिए विद्यालय खुलवाने की मांग करेंगे। वहीं, कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी के ट्वीट पर कहा कि उन्हें ऐसे मामलों में राजनीति नहीं करनी चाहिए।
गांव बहरामपुर के रहने वाले दिलीप सहानी बढ़ई का काम करते हैं। उनकी बड़ी बेटी संध्या सहानी राजकीय एडी कन्या विद्यालय में ग्यारहवीं कक्षा में पढ़ती है। विज्ञान विषय की छात्रा संध्या का घर बाढ़ के पानी से घिर गया है। इस कारण उसकी पढ़ाई में बाधा उत्पन्न हो गई है, लेकिन उसने इस चुनौती को स्वीकार किया और घर से खुद नाव खेकर गांव से बाहर आती है इसके बाद स्कूल जाती है। संध्या के पिता दिलीप का कहना है कि बेटी पढ़-लिखकर अफसर बनना चाहती है। इसके लिए वह दिन-रात पढ़ाई करती है। बेटी का जज्बा देखकर सारा कष्ट कम लगता है।