गोरखपुर-वाराणसी हाइवे से आमी नदी का पानी पूरी तरह से हटने के बाद प्रशासन ने गुरुवार सुबह सात बजे इसे सभी छोटी-बड़ी सभी गाड़ियों के लिए खोल दिया। दरअसल, कसिहार चौराहे के निकट तीन तक्खा पुल के पास से लेकर नकबैठा पुल से आगे बगहाबीर बाबा मंदिर के पास तक आमी नदी का पानी सड़क पर चढ़ गया था। जिससे बीते बुधवार को प्रशासन ने इस राष्ट्रीय राजमार्ग से सभी गाड़ियों का संचालन बंद कर दिया था। मंगलवार को इसे छोटी गाड़ियां के आवागमन के लिए खोला गया था। गुरुवार को सभी वाहनों का संचालन बहाल कर दिया गया।
ट्रक हुआ खराब, लगा लंबा जाम
गोरखपुर वाराणसी राजमार्ग पर यातायात शुरू के बाद बगहा बीर बाबा मंदिर के पास एक ट्रक के खराब हो जाने के चलते दोपहर लगभग 12:30 बजे के करीब दोनों तरफ गाड़ियों का रेला लग गया। जिससे राहगीर जाम में फंसकर घंटों हलकान रहे। सड़क पर कीचड़ की वजह से भी लोगों को परेशानी झेलनी पड़ी। दरअसल, एनएचएआई के अधिकारियों ने बाढ़ के पानी को रोकने के लिए सड़क किनारे मिट्टी रखा था। गुरुवार को हुई मूसलाधार बारिश की वजह से तीन तकहा पुल से बगहा बीर बाबा के मंदिर तक सड़क पर पानी व कीचड़ जमा हो गया।