दीनदयाल उपाध्याय गोरखपुर विश्वविद्यालय एवं संबद्ध कॉलेजों में सोमवार से विषम सेमेस्टर की परीक्षाएं शुरू हो गई। परीक्षा के पहले दिन तीन सचल दस्ते ने तीन छात्रों को नकल करते पकड़ा। उनके खिलाफ यूएफएम के तहत कार्रवाई की गई। वहीं कुलपति प्रो. पूनम टंडन ने भी पांच केंद्रों का निरीक्षण का परीक्षा व्यवस्था का हाल जाना। पहले दिन परीक्षा गोरखपुर विश्वविद्यालय समेत कुल 111 केन्द्रों पर हुई जिसमें 12,386 विद्यार्थी शामिल हुए।
सेमेस्टर परीक्षाओं के लिए पहले दिन कुल 12,746 विद्यार्थी पंजीकृत थे। इनमें 360 ने परीक्षा छोड़ दी। कुलपति ने इस्लामिया कॉलेज ऑफ कॉमर्स, मारवाड़ बिजनेस स्कूल, डीएवी पीजी कॉलेज, सेंट जोसेफ महिला कॉलेज, सेंट एंड्रयूज कॉलेज और विश्वविद्यालय स्थित कला संकाय भवन एवं आईटीसी सेल का निरीक्षण किया।
निरीक्षण के दौरान मारवाड़ बिजनेस स्कूल का मॉनिटरिंग स्क्रीन बंद पाया गया। कुछ तकनीकी कारणों से स्क्रीन काम नहीं कर रहा था, जबकि आईटीसी सेल में स्थापित कंट्रोल रूम से जानकारी लेने पर पता चला कि कॉलेज के सभी सीसीटीवी कैमरे कार्य कर रहे हैं। कुलपति ने अंत में कंट्रोल रूम से जुड़े सभी 111 परीक्षा केंद्रों के सीसीटीवी कैमरों का निरीक्षण किया।