फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

गोरखपुर: विश्वविद्यालय व एमएमएमयूटी में दीक्षांत समारोह कल, टॉपरों को मिलेगा गोल्ड मेडल व उपाधि

Tue, 14 Dec 2021 11:13 AM IST
vivek shukla अमर उजाला ब्यूरो, गोरखपुर।

सार

कुलाधिपति दीक्षोपदेश के बाद टॉपरों को देंगी गोल्ड मेडल व उपाधि, गोविवि में प्रो. एके श्रीवास्तव और एमएमएमयूटी में प्रो. प्रेमव्रत होंगे मुख्य अतिथि।
विज्ञापन
MMMUT/DDU - फोटो : अमर उजाला।
विज्ञापन

विस्तार
वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें

दीनदयाल उपाध्याय गोरखपुर विश्वविद्यालय एवं मदन मोहन मालवीय प्रौद्योगिकी विश्वविद्यालय (एमएमएमयूटी) का दीक्षांत समारोह 15 दिसंबर को होगा। दोनों ही विश्वविद्यालयों में समारोह की अध्यक्षता करते हुए कुलाधिपति आनंदी बेन पटेल, टॉपरों को गोल्ड मेडल और उपाधि प्रदान करेंगी। गोरखपुर विश्वविद्यालय में दीक्षा भवन में आयोजित समारोह में मुख्य अतिथि एनिमल साइंस एवं एग्रीकल्चर रिक्रुटमेंट साइंटिस्ट बोर्ड के पूर्व चेयरमैन प्रो. एके श्रीवास्तव होंगे, जबकि एमएमएमयूटी में प्रशासकीय परिषद आईआईटी आईएसएम धनबाद के अध्यक्ष एवं यूपीटीयू के पूर्व कुलपति प्रो. प्रेमव्रत बतौर मुख्य अतिथि मौजूद रहेंगे। दीक्षांत को लेकर तैयारियां अंतिम चरण में हैं। दोनों ही विश्वविद्यालयों में मंगलवार को दीक्षांत परेड का रिहर्सल किया जाएगा।

एमएमएमयूटी में 35 गोल्ड मेडल से नवाजे जाएंगे मेधावी

मदन मोहन मालवीय प्रौद्योगिकी विश्वविद्यालय (एमएमएमयूटी) में छठवां दीक्षांत समारोह बुधवार को दोपहर डेढ़ बजे शुरू होगा। इस दौरान कुल 35 गोल्ड मेडल दिए जाएंगे, जिसमें 16 कुलपति स्वर्ण पदक, 18 स्मृति गोल्ड मेडल और एक कुलाधिपति पदक हैं। दीक्षांत में कुल 1174 विद्यार्थियों को उपाधि दी जाएगी। बीटेक सिविल इंजीनियरिंग के अमित यादव कुलाधिपति समेत सर्वाधिक छह गोल्ड मेडल से नवाजे जाएंगे।
विज्ञापन


विश्वविद्यालय के कुलपति प्रो. जेपी पांडेय ने पत्रकारों से बातचीत में बताया कि दीक्षांत समारोह में 35 गोल्ड मेडल में 21 मेडल छात्रों को और 14 मेडल छात्राओं को दिए जाएंगे। सत्र 2017-18 में प्रवेश लेने वाले बीटेक तथा शैक्षणिक सत्र 2018-19 में प्रवेश पाए बीटेक (लेटरल एंट्री) एवं एमसीए छात्रों के साथ सत्र 2019-20 में प्रवेश पाए एमटेक, एमबीए, एवं एमएससी के छात्रों एवं पीएचडी के छात्रों को उपाधियां दी जाएंगी।

 

बीटेक के इन मेधावियों को मिलेगा गोल्ड मेडल

सिविल इंजीनियरिंग
अमित यादव - कुलाधिपति स्वर्ण पदक, कुलपति स्वर्ण पदक, आरएस सिंह एमई 69 स्वर्ण पदक, स्व. लक्षन राय मेमोरियल स्वर्ण पदक, आईसीआई अल्ट्राटेक सीमेंट स्वर्ण पदक, क्लास 1994 स्वर्ण पदक।

कंप्यूटर साइंस
अक्षत सिंह- कुलपति स्वर्ण पदक, स्वर्गीय मुन्नीलाल जैन मेमोरियल स्वर्ण पदक।

इलेक्ट्रिकल इंजीनियरिंग
अनुपमा चौधरी- कुलपति स्वर्ण पदक, स्वर्गीय ई. गौरीशंकर दास मेमोरियल स्वर्ण पदक, स्वर्गीय श्रीमती लीलावती देवी मेमोरियल स्वर्ण पदक

इलेक्ट्रॉनिक्स एंड कम्युनिकेशन इंजीनियरिंग
सूर्य प्रताप राठौर - कुलपति स्वर्ण पदक, स्वर्गीय देवकी देवी नांगलिया मेमोरियल स्वर्ण पदक।

मैकेनिकल इंजीनियरिंग
मिलिंद जायसवाल - कुलपति स्वर्ण पदक, स्वर्गीय श्री कालीचरन कन्दोई मेमोरियल स्वर्ण पदक।

केमिकल इंजीनियरिंग
अतिंद्र कुमार कुशवाहा- कुलपति स्वर्ण पदक, स्वर्गीय श्री हरी प्रसाद गोयनका मेमोरियल स्वर्ण पदक।

कंप्यूटर साइंस एंड इंजीनियरिंग
अनुष्का सिंह- श्री रमेश चंद्रा एवं श्रीमती किशोरी देवी स्वर्ण पदक।

 
विज्ञापन

कक्षावार उपाधि की संख्या

बीटेक- 782
एमटेक- 199
एमएससी (भौतिकी, गणित)- 40
एमसीए- 60
एमबीए- 66
पीएचडी- 26

डिग्री के साथ अंकपत्र डिजीलॉकर पर होगा अपलोड

दीक्षांत समारोह के दौरान कुलाधिपति उपाधि पंजिका (डिग्री रजिस्टर) पर हस्ताक्षर करेंगी। इसके साथ ही सभी छात्रों की उपाधियां (डिग्री) डिजीलॉकर पर अपलोड की जाएंगी। पहली बार छात्रों के अंकपत्र (मार्कशीट) भी दीक्षांत के दिन ही डिजीलॉकर पर अपलोड हो जाएंगे। 

भीगने पर भी नहीं मिटेगी स्याही

विश्वविद्यालय की डिग्री उच्च मानकों की सुरक्षा फीचर से लैस है। डिग्री को पानी में डाल देने पर भी उसकी स्याही (इंक) मिटाई नहीं जा सकेगी। डिग्री पर क्यूआर कोड होगा, जिसे स्कैन कर असली और नकली डिग्री में फर्क किया जा सकेगा। डिग्री विशेष कागज की बनी है, जिसे आसानी से फाड़ा नहीं जा सकता।

उत्तरीय व टोपी पहनेंगे विद्यार्थी

दीक्षांत समारोह में उपाधि पाने वाले विद्यार्थी उत्तरीय और टोपी पहनेंगे। बीटेक के विद्यार्थी मैरून, एमटेक के फिरोजी, पीएचडी के सफेद, एमसीए के ग्रे, एमबीए के नारंगी, एमएससी के विद्यार्थी हल्के बैंगनी रंग की उत्तरीय व टोपी पहनेंगे।

यू-ट्यूब पर होगा सजीव प्रसारण

कुलपति ने बताया कि दीक्षांत समारोह का सजीव प्रसारण यू-ट्यूब पर भी किया जाएगा। मुख्य सभागार में कुल 800 लोगों के बैठने की व्यवस्था की गई है। विश्वविद्यालय के अन्य सेमिनार हॉल में लगी स्क्रीन पर भी दीक्षांत समारोह का सीधा प्रसारण किया जाएगा। ताकि सभागार में स्थान नहीं मिलने पर उपाधि पाने वाले छात्र तथा उनके अभिभावक समारोह का सीधा प्रसारण देख सकें।
और पढ़ें...
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें