काजल के हत्यारों की गिरफ्तारी न होने के विरोध में भलुआन गांव के लोगों ने सोमवार को भलुआन चौराहे पर हाईवे को जाम कर दिया। करणी सेना के प्रदेश अध्यक्ष राकेश सिंह रघुवंशी की अगुवाई में जुटे लोग दोपहर एक बजे सड़क पर उतर गए। करीब डेढ़ घंटे तक आवागमन प्रभावित रहा। बाद में पुलिस के कार्रवाई करने के आश्वासन पर लोग हटे। उधर, एसडीएम बांसगांव ने पीड़ित परिवार से मुलाकात कर ढांढस बंधाया और सख्त कार्रवाई का आश्वासन दिया।
जानकारी के मुताबिक, सोमवार की दोपहर बारह बजे पीड़ित के घर पहुंचे प्रदेश अध्यक्ष ने काजल के पिता से मुलाकात की और उन्हें न्याय का भरोसा दिलाया। सड़क पर कार्यकर्ताओं के साथ बैठे राकेश सिंह रघुवंशी ने कहा कि एक दिन पहले हुई डीएम से वार्ता में उन्होंने बताया कि उन्हें घटना की जानकारी ही नहीं है। काफी दुखद है। जाम का नेतृत्व कर रहे लोग पुलिस से बातचीत में डीएम को मौके पर बुलाने की मांग पर अड़े थे।
डेढ घंटे बाद एस एसएसपी डॉ. विपिन टाडा ने फोन पर लोगों से बातचीत की और कहा कि पुलिस आरोपितों के करीब पहुंच चुकी है। जल्द ही रिजल्ट सामने होगा। इसके पूर्व एसडीएम बासगांव विनय कुमार पांडेय, हिंदू महासभा के प्रदेश अध्यक्ष पीयूष कांत वर्मा ने राजू नयन के घर पहुंच कर सांत्वना दी और कहा कि वह पीड़ित परिवार के साथ हैं। पुलिस अब तक इस मामले में मुख्य आरोपित को नहीं दबोच सकी है, जिस वजह से लोगों में आक्रोश है।