गोरखपुर में अब संभागीय परिवहन कार्यालय का नया पता गीडा सेक्टर-22 होगा। करीब 45 वर्षों से सिविल लाइंस स्थित जर्जर भवन में चल रहे, परिवहन विभाग के संभागीय परिवहन कार्यालय को मार्च में नये आधुनिक भवन में स्थानांतरित करने की तैयारी है।
लगभग छह करोड़ की लागत से बने परिवहन विभाग के नए कार्यालय को मार्च 2020 में पूरा होना था, लेकिन कोरोना महामारी की वजह से इसका निर्माण समय से पूरा नहीं हो सका। देरी के चलते इसका बजट भी बढ़ गया। बजट स्वीकृत होने के बाद फिर से निर्माण शुरू हुआ। करीब एक साल की देरी से भवन अब बनकर तैयार हो गया है।
आरटीओ प्रशासन अनीता सिंह ने कहा डीएम ने कार्यालय को स्थानांतरित करने के लिए एक मार्च का समय दिया है, लेकिन नवनिर्मित कार्यालय में इंटरनेट से संबंधित कार्य चल रहे हैं। ऐसे में डीएम की दी गई तिथि पर कार्यालय स्थानांतरित कर पाना संभव नहीं है। इस संदर्भ में डीएम से वार्ता चल रही है।