उत्तर प्रदेश के गोरखपुर जिले के क्षेत्रीय सेवायोजन कार्यालय की ओर से ऑनलाइन रोजगार का कार्यक्रम जारी कर दिया गया है। इच्छुक युवा सेवायोजन विभाग के पोर्टल पर (
sewayojan.up.nic.in) रोजगार मेला में शामिल होने के लिए 26 अक्तूबर तक पंजीकरण करा सकते हैं। आठ कंपनियों की ओर से विभिन्न पदों में 880 युवाओं को नौकरी का अवसर मुहैया कराया जाएगा। न्यूनतम अर्हता हाईस्कूल और इंटर तक निर्धारित की गई है।
सहायक निदेशक सेवायोजन अवधेंद्र प्रताप वर्मा ने बताया कि रोजगार मेला में शामिल होने के लिए ऑनलाइन ही पंजीकरण स्वीकार किया जा रहा है। अभ्यर्थियों की ओर से किए जाने वाले आवेदनों का सत्यापन सबसे पहले विभाग की ओर से किया जाएगा। उसके बाद पूरा रिकार्ड आवेदन करने वाली कंपनियों को भेजा जाएगा।
कंपनी की ओर से युवाओं का इंटरव्यू फोन या वीडियो कॉलिंग के माध्यम से लिया जाएगा। नियुक्ति पत्र भी ऑनलाइन ही प्रदान किए जाएंगे। इसके बाद युवाओं का जाकर कार्यस्थल पर ज्वाइनिंग की प्रक्रिया को पूरा करना होगा। उन्होंने बताया कि 18-32 वर्ष की आयु के युवा रोजगार मेला में शामिल हो सकते हैं। न्यूनतम मानदेय 8500-12500 रुपये तक है।