नौगढ़ रेलवे स्टेशन का नाम बदल दिया गया है। अब इस स्टेशन को सिद्धार्थनगर स्टेशन के नाम से जाना जाएगा। पूर्वोत्तर रेलवे के मुख्य जनसंपर्क अधिकारी पंकज कुमार सिंह ने बताया कि लखनऊ मंडल के इस रेलवे स्टेशन का नाम बदल दिया गया है। समस्त वैधानिक औपचारिकताएं भी पूरी कर ली गई हैं। सिद्धार्थनगर रेलवे स्टेशन का कोड एसडीडीएन कर दिया गया है।
गौरतलब है कि नौगढ़ रेलवे स्टेशन का नाम बदलने की कवायद 1988 में जिला बनने के बाद से ही शुरू हो गई थी। गृह मंत्रालय ने दो महिने पहले ही नौगढ़ रेलवे स्टेशन का नाम सिद्धार्थनगर करने की सहमति दे दी थी। अब पूर्वोत्तर रेलवे मुख्यालय ने सभी औपचारिकताएं पूरी कर इस स्टेशन का नाम बदलकर सिद्धार्थनगर स्टेशन कर दिया है।