रहस्यमय हाल में भट्ठा मुंशी के लापता होने का मामला
पिपराइच। ईंट भट्ठे से करीब एक माह पहले रहस्यमय हाल में लापता हुए भट्ठा मुंशी सुभाष यादव मामले को लेकर परिजनों व ग्रामीणों ने बुधवार को गांव के पंचायत भवन पर अनिश्चितकालीन धरना प्रदर्शन शुरू कर दिया है। ग्रामीणों की मांग है कि सुभाष यादव की सकुशल वापसी के साथ दोषी भट्ठा मालिक के विरुद्ध केस दर्ज कर विधिक कार्रवाई की जाए।
धरने पर बैठे ग्रामीणों ने बताया कि लहुरा देऊर निवासी भट्ठा मुंशी सुभाष यादव (54) बीते नौ जून को जंगल औराही भट्ठा से रहस्यमय हाल में गायब हो गए। आरोप है कि दो दिन बाद भट्ठा मालिक ने उनके लापता होने की सूचना घर को दी। भट्ठा मालिक के विरुद्ध केस दर्ज कराने के लिए तहरीर दी गई, लेकिन पुलिस ने केवल गुमशुदगी दर्ज की। इसके पहले भी लोगों ने तीन जुलाई को धरना प्रदर्शन किया था। तब एसएआई अजीत कुमार चतुर्वेदी के आश्वासन पर धरना स्थगित कर दिया गया था। उन्होंने मौखिक रूप से एक हफ्ते का समय मांगा था। सपा नेता सुरेंद्र यादव, अहीर आर्मी के अध्यक्ष आदित्य यादव, पत्नी मलावती देवी के नेतृत्व में सुभाष यादव के परिजन व ग्रामीणों ने बताया कि बार-बार पुलिस की ओर से दिया गया आश्वासन खोखला साबित हुआ। धरने पे बैठे लोगों ने पुलिस प्रशासन के विरुद्ध नारेबाजी भी की।
इस संबंध में थाना प्रभारी पुरुषोत्तम आनंद सिंह ने बताया कि मामले में गुमशुदगी दर्ज है। एसटीएफ टीम जांच कर रही है। बिना पूर्व सूचना के धरना प्रदर्शन करना असंवैधानिक है।