पादरी बाजार में मंगलवार देर रात टूटा जर्जर पोल, सुबह पांच बजे बहाल हुई बिजली आपूर्ति
गोरखपुर। शहर से लेकर गांव तक घंटों बिजली कटौती से उपभोक्ता बिलबिला उठे हैं। मंगलवार देर रात हुई झमाझम बारिश ने उपभोक्ताओं को गर्मी से राहत दी, लेकिन उमस और बिजली कटौती ने बेचैन कर दिया। रात में शाहपुर व राप्तीनगर और ईस्टर्नपुर के उपभोक्ताओं ने बिजली के इंतजार में पूरी रात जागकर गुजारी। बुधवार को भी बिजली की दुश्वारियां खत्म नहीं हुई।
मंगलवार देर रात बारिश के दौरान शाहपुर, पादरी बाजार, लालडिग्गी समेत शहर के कई इलाकों की बिजली गुल हो गई। कुछ इलाकों की बिजली देर रात बहाल हुई तो कुछ इलाकों में सुबह तक बिजली नहीं आई। बुधवार दिन में भी शहर के तमाम क्षेत्रों में फॉल्ट और ट्रांसफाॅर्मर जलने से उपभोक्ता परेशान रहे। मंगलवार देर रात करीब 12 बजे शाहपुर उपकेंद्र से जुड़े करीब 22 हजार उपभोक्ताओं के घरों अंधेरा छा गया। कुछ देर उपभोक्ता बिजली के आने का इंतजार करते रहे लेकिन काफी देर बीतने पर जब आपूर्ति बहाल नहीं हुई तो वे उपकेंद्र पर पहुंच गए। देर रात करीब 3:15 बजे बिजली बहाल हुई तो उपभोक्ता अपने घरों को लौटे। इसके बाद भी करीब पांच हजार घरों में अंधेरा छाया रहा, बुधवार भोर में पांच बजे बिजली आपूर्ति बहाल हुई तो उपभोक्ताओं ने राहत की सांस ली। सुबह करीब 5:15 बजे बशारतपुर में 400 केवी के ट्रांसफाॅर्मर डैमेज हो गया, जिसकी वजह से खरैया फीडर को बंद करना पड़ा। चार घंटों की मशक्कत के बाद भी ट्रांसफाॅर्मर दुरुस्त नहीं हो सका। इसके बाद इसे बदलने की प्रक्रिया शुरू हई। दोपहर करीब दोपहर दो बजे बिजली आपूर्ति बहाल हुई।
शाहपुर के एसडीओ वीके जायसवाल ने बताया कि शाहपुर उपकेंद्र को भटहट और मोहद्दीपुर से इनकमिंग बिजली दी जाती है। देर रात बारिश के दौरान भटहट से आने वाली 33 केवी मेन लाइन पर एक बड़ा पेड़ गिर गया था, जिसे रात में ही काट कर हटाया गया। रात 3:15 बजे बिजली बहाल की गई लेकिन इसी बीच मोहद्दीपुर से आने वाली लाइन का केबल जल कर आपस में चिपक गया। उसे भी रात में दुरुस्त करवा कर सुबह करीब पांच बजे बिजली बहाल की गई। बशारतपुर में ट्रांसफॉर्मर खराब हो गया था, जिसे बदलना पड़ा।
चारपहिया वाहन पर गिरा बिजली पोल
पादरी बाजार के ईस्टर्नपुर में मंगलवार देर रात करीब 12 बजे एक क्षतिग्रस्त पोल टूट कर गिर गया, जिससे पास में खड़ा एक चार पहिया वाहन क्षतिग्रस्त हो गया। इससे करीब दो सौ घरों की बिजली गुल हो गई। यहां के उपभोक्ताओं का कहना था कि पोल काफी समय से जर्जर था, जिसकी जानकारी जेई को दी गई थी। बावजूद इसके पोल नहीं बदला गया। मोहनापुर के चौहान टोला में रात करीब एक बजे एक नीम का पेड़ बिजली के तार पर गिर गया, जिसकी वजह से दो ट्रांसफाॅर्मर से जुड़े 200 घरों में अंधेरा छा गया। जेई विजय कुमार ने बताया कि रात में ही पेड़ काट कर हटाया गया साथ ही पोल भी बदल दिया गया है। भोर में पांच बजे बिजली बहाल की गई।
कोट
बारिश की वजह से कई क्षेत्रों में दिक्कत हुई थी, रात में ही सभी दिक्कतों को दुरुस्त कर दिया गया। उपभोक्ताओं की परेशानियों का ध्यान हमेशा रखा जाता है।
- ई. लोकेंद्र बहादुर सिंह, अधीक्षण अभियंता, शहरी