यात्रियों को मिलेगी सहूलियत, रेलवे बोर्ड को भेजा गया प्रस्ताव, जल्द शुरू हो जाएगी व्यवस्था
गोरखपुर। लखनऊ-दिल्ली से गोरखपुर होकर बिहार जाने वाली ट्रेनों का विभिन्न रेलवे स्टेशनों पर स्टॉपेज बढ़ाने की तैयारी शुरू कर दी गई है। रेल प्रशासन ने तीन ट्रेनों के स्टॉपेज के प्रस्ताव रेलवे बोर्ड को भेजे हैं। इसके अलावा कुछ ट्रेनों के स्टॉपेज का शेड्यूल तैयार किया जा रहा है।
जानकारी के मुताबिक, बिहार के पूर्णिया कोर्ट से चलकर गोरखपुर के रास्ते अमृतसर तक जाने वाली जनसेवा एक्सप्रेस का स्टॉपेज चैनवा, लखनऊ-बरौनी एक्सप्रेस का स्टॉपेज दुरौंधा स्टेशन और लालगढ़ से डिब्रूगढ़ के बीच चलने वाली अवध असम एक्सप्रेस का स्टॉपेज चैनवा स्टेशन पर शुरू करने की तैयारी चल रही है। तीनों ट्रेनों का स्टॉपेज दो मिनट का होगा।
इन ट्रेनों का स्टॉपेज शुरू करने के लिए स्थानीय सांसद ने भी मांग की थी। इसके बाद यात्रियों की उपलब्धता का आकलन कराकर रेल प्रशासन ने प्रस्ताव भेजा है। इसी क्रम में दो अगस्त को गोरखपुर-वाराणसी इंटरसिटी का भी स्टॉपेज चौरीचौरा स्टेशन पर शुरू किया गया है।