15 अगस्त के बाद सीएम की मौजूदगी में बंटेगा आवंटन पत्र
गोरखपुर। गीडा क्षेत्र के करीब 200 औद्योगिक प्लॉटों का आवंटन होने वाला है। इसके लिए 30 जुलाई तक गीडा प्रशासन के पास 110 उद्यमियों ने आवेदन किया है। अब इनके आवेदन पत्रों की जांच की जा रही है। इसके बाद पांच अगस्त से उद्यमियों का साक्षात्कार होगा। पात्र पाए गए उद्यमियों को प्लॉट आवंटन पत्र 15 अगस्त के बाद भव्य कार्यक्रम में मुख्यमंत्री के हाथों दिया जाएगा।
गीडा के विभिन्न सेक्टरों में करीब 200 औद्योगिक भूखंड ऐसे हैं, जिन पर अभी तक किसी प्रकार का उद्योग नहीं लग पाया है। गीडा प्रशासन ने इन प्लॉटों को आवंटित करने के लिए आवेदन मांगा था। पहले 22 जुलाई और फिर 30 जुलाई तक आवेदन की तिथि विस्तारित की गई थी। गीडा प्रशासन के अनुसार, 15 अगस्त से पहले प्लॉट आवंटन की प्रक्रिया पूरी हो जाएगी। इसके बाद गीडा क्षेत्र में एक भव्य कार्यक्रम होगा, जिसमें इन उद्यमियों को आवंटन पत्र दिया जाएगा।
कोट-
गीडा के विभिन्न सेक्टर में खाली लगभग 200 प्लॉटों के लिए एक बार ही विज्ञापन जारी कर दिया गया था। करीब 110 उद्यमियों ने आवेदन किया है। इनमें से कुछ लोगों ने एक से अधिक बार भी आवेदन किया है। उम्मीद है कि इस बार करीब 70 लोगों को प्लॉट का आवंटन मिल जाएगा। अगस्त में ही मुख्यमंत्री के हाथों इन लोगों को आवंटन पत्र भी दिलाया जाएगा।
- अनुज मलिक, सीईओ, गीडा