वाराणसी के लिए बस पकड़ने जा रही थी युवती, तभी हुई थी घटना
गोरखपुर। कचहरी बस स्टैंड के पास युवती से बैग छीनकर भागने वाले दो आरोपियों में से एक पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने ट्रॉली बैग बरामद कर पीड़िता को सौंपकर आरोपी को जेल भिजवा दिया है।
बस्ती जिले के कुम्हीया मिश्रौलिया निवासी कृष्णा कुमारी पुत्री शिवलाल वाराणसी जाने के लिए 18 मार्च की रात छात्रसंघ चौराहे पर पहुंची। वह पैदल ही ट्राली बैग लेकर कचहरी बस स्टैंड जा रही थी। इसी दौरान दो बाइक सवार युवक उससे ट्राली बैग छीनकर फरार हो गए। पीड़िता ने कैंट थाने में तहरीर देकर केस दर्ज कराया था। कैंट प्रभारी निरीक्षक संजय कुमार मय पुलिस टीम के साथ आरोपी की धर-पकड़ में जुटे हुए थे। शुक्रवार को प्रभारी निरीक्षक ने आरोपी सोहन शाह को चोरी के ट्रॉली बैग के साथ गिरफ्तार कर जेल भिजवा दिया। गिरफ्तार चोर की पहचान बिहार के बगहा जिले के सोहन शाह के रूप में हुई। पुलिस ने बरामद ट्राली बैग व मौजूद सामान को युवती के सुपुर्द कर दिया।