गोरखपुर। गोपलापुर पूर्वी दाउदपुर में बुधवार दोपहर नशे में धुत चालक ने वाहन बैक करने के दौरान मकान की चाहरदीवारी क्षतिग्रस्त कर दी। गनीमत रही कि इस हादसे में किसी को चोट नहीं लगी।
स्थानीय लोगों ने बताया कि दोपहर करीब 2:10 बजे गोरखपुर विकास प्राधिकरण (जीडीए) लिखी गाड़ी का चालक बहादुर साहनी मोहल्ले की सड़क पर गाड़ी (रिफ्यूज कॉम्पैक्टर) लेकर पहुंचा। वाहन मोड़ने के दौरान चालक ने अधिवक्ता उमेश चंद्र पांडेय के मकान के सामने बैक करने की कोशिश की। इसी दौरान चाहरदीवारी का बड़ा हिस्सा टूट गया। हादसे के बाद चालक काफी देर तक गाड़ी से बाहर नहीं निकला। बाद में स्थानीय लोगों ने जबरन उतारा। सूचना पर नगर निगम से कचरा प्रबंधन का काम देख रही निजी कंपनी जेएस एनवायरो सर्विसेज लिमिटेड के प्रोजेक्ट मैनेजर आलोक मिश्रा मौके पर पहुंचे और आश्वासन दिया कि क्षतिग्रस्त चहारदीवारी का निर्माण कराया जाएगा। बताया जा रहा है कि रिफ्यूज कॉम्पैक्टर को लालडिग्गी से लोहिया एन्क्लेव ले जाया जा रहा था, जहां विश्वकर्मा पूजा का आयोजन था। नशे की हालत में चालक रास्ता भटक गया और गलती से मोहल्ले में घुस गया।