शाहपुर थाना क्षेत्र में नौ साल में 1500 लोगों से पांच करोड़ रुपये की हुई थी ठगी
बैंक संचालक के पिता को ठगी के शिकार पीड़िताें को जूते की माला पहनाकर पकड़ा
गोरखपुर। शाहपुर थाना क्षेत्र में प्राइवेट बैंक खोलकर ठगी करने के आरोप में जगजीवन चौहान को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया। आरोपी बैंक के संचालक सुनील कुमार चौहान के पिता हैं। मंगलवार शाम को गुस्साए लोग उन्हें पकड़कर जूते की माला पहनाने के बाद पुलिस के हवाले कर दिया। इसका वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है।
31 अगस्त को बिछिया मोहल्ला निवासी कंचन यादव ने शाहपुर थाने में शिकायत दर्ज कराई थी। शिकायत में बताया गया कि बैंक में एजेंट के तौर पर नीतिश कुमार, सूरज चौरसिया, अजय कुमार, विनोद तिवारी, रामअवतार, संतोष और सेराज जुड़े थे। वर्ष 2016 में जगजीवन ने बिछिया इलाके में अपने घर पर प्राइवेट बैंक की तरह ऑफिस खोला। एजेंट आम जनता के खाते खुलवाते और उनसे प्रतिदिन रकम जमा कराकर बैंक में जमा कराते थे। खाताधारकों को रसीद भी दी जाती थी। पुलिस जांच में पता चला कि पिछले नौ साल में करीब 1,500 लोगों से पांच करोड़ रुपये जमा कराए गए। संचालक ने रक्षाबंधन के बाद 11 से 14 अगस्त तक स्वतंत्रता दिवस की छुट्टी का पोस्टर लगा कर बैंक बंद कर दिया। इसके बाद बैंक खुला नहीं और संचालक भाग गया।
मंगलवार को जानकारी मिली कि जगजीवन चौहान बंद बैंक के ऊपरी हिस्से में बने घर में मौजूद हैं। पीड़ित एजेंटों के साथ पहुंचे और उन्हें पकड़ लिया। गुस्साए लोगों ने उन्हें जूते का माला भी पहना दी। सूचना पर पहुंची पुलिस ने जगजीवन चौहान को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने बैंक संचालक के खिलाफ केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। शाहपुर प्रभारी निरीक्षक नीरज कुमार राय ने बताया कि बैंक संचालक के पिता से पूछताछ की जा रही है। बृहस्पतिवार को उसे न्यायालय में पेश किया जाएगा।