चचेरी बहन के घर बेटी को छोड़कर मायके गई थी महिला, बिस्तर पर शौच करने पर बच्ची की चचेरी मौसी ने की वारदात
बच्ची के शरीर पर ब्लेड से किया हमला, प्राइवेट पार्ट को किया जख्मी
गुलरिहा। शाहपुर क्षेत्र में किराए पर रहने वाली महिला की सात वर्षीय बच्ची के साथ रिश्तेदार की बेटी (चचेरी मौसी) ने हैवानियत की सारी हदें पार कर दीं। उसने बिस्तर पर शौच करने पर मासूम को पीटा, जमीन पर घसीटा, इसके बाद शरीर पर ब्लेड से हमला कर घायल कर दिया। बृहस्पतिवार सुबह बच्ची को मेडिकल कॉलेज में भर्ती किया गया तो डाक्टरों ने उसके प्राइवेट पार्ट पर हमला होने की जानकारी दी। इसके बाद पीड़िता के मामा ने मेडिकल पुलिस को सूचना दी है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
जानकारी के मुताबिक, चिलुआताल क्षेत्र के एक गांव की महिला बच्चों के साथ शाहपुर क्षेत्र के एक मोहल्ले में एक मकान में किराए के कमरे में रहती है। पड़ोस में ही उसकी चचेरी बहन भी रहती है। बुधवार को महिला को चिलुआताल अपने मायके जाना था। इस पर सुबह बेटी को चचेरी बहन के घर छोड़कर मायके चली गई। बुधवार शाम महिला आई तो बेटी जख्मी मिली। उसके हाथ, पैर, चेहरे पर चोट के निशान थे। पीड़िता की मां ने बेटी की हालत नाजुक देख अपने भाई को फोन किया। इसके बाद पहुंचे बच्ची के मामा ने भांजी को इलाज के लिए बृहस्पतिवार को मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया। बच्ची का इलाज करने वाले डाक्टरों ने परिजनों को बताया कि बच्ची के प्राइवेट पार्ट भी हमला किया गया है। इस सूचना के बाद परिजनों के होश उड़ गए। बच्ची के मामा ने मेडिकल चौकी पुलिस को घटना की जानकारी दी।
सीओ गोरखनाथ रवि कुमार सिंह ने बताया कि परिजनों से घटना के बारे जानकारी ली जा रही है। महिला अपने जिस रिश्तेदार के यहां बेटी को छोड़ कर गई थी, उसकी पुत्री साइको है। उसने बिस्तर पर शौच करने की बात लेकर उसके साथ हैवानियत दिखाई है। पूर्व में युवती ने अपने ही भाई को चाकू से वार कर घायल कर चुकी है। परिजन तहरीर देते है तो जांच कर कार्रवाई की जाएगी।