12 प्रतिशत महीने का दिया था लालच, साइबर थाने में दर्ज किया गया केस
18 लोग हुए ठगी के शिकार, 22 नामजद आरोपियों पर हुआ है केस दर्ज
गोरखपुर। कंपनी में निवेश कर मोटा मुनाफा कमाने के लालच में 18 लोगों ने 26.97 लाख रुपये गंवा दिए। आरोपी ने 12 प्रतिशत प्रतिमाह रिटर्न का झांसा दिया था। एक साल बाद जब रुपये निकालने का समय आया तो कंपनी की वेबसाइट ही बंद हो गई। रुपये मांगने पर आरोपियों ने जान से मारने की धमकी दी। साइबर पुलिस 22 नामजद आरोपियों के खिलाफ केस दर्ज कर जांच में जुटी है।
गोरखनाथ निवासी तनवीर आलम ने केस दर्ज कराया है। तनवीर ने पुलिस को बताया कि उसकी मुलाकात सिकरीगंज के बलिराम की मदद से दिल्ली निवासी नंदन मेहता से हुई थी। नंदन ने यह बताया कि कंपनी के मालिक हरियाणा के दीपक मलिक हैं और वे ज्वाइंट डायरेक्टर हैं। बलराम पांडेय, आमिर खान, कमरे आलम, इमरान व फैजान कंपनी के रजिस्टर्ड एजेंट है। बताया कि यह रजिस्टर्ड कंपनी है, निवेश पर हाई रिटर्न 12 प्रतिशत प्रति माह देती है। जब भी निवेश की राशि निकालना चाहे आपके अकाउंट में मिल जाएगी। बातों पर यकीन कर उनके साथ 18 लोगों ने निवेश कर दिया। बताया कि उन लोगों को फर्जी रजिस्ट्रेशन सर्टिफिकेट और कंपनी का वेबसाइट भी दिखाया। कुछ दिन बीत जाने के बाद जब निवेश की राशि लेनी चाही तो कंपनी का वेबसाइट बंद हो गया। आरोपियों से संपर्क किया और अपने रुपये की मांग की तो वे धमकी देने लगे। तक पता चला कि जालसाजी हो गई। आरोप है कि रुपये मांगने पर आरोपी सिकरीगंज निवासी बलिराम पांडेय व उसके साथियों ने जान से मारने की धमकी दी। एसपी क्राइम सुधीर जायसवाल ने कहा कि केस दर्ज कर लिया गया है। साक्ष्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।