औद्योगिक प्लॉट के लिए 366 उद्यमियों ने किया आवेदन
गोरखपुर। गीडा सेक्टर-13 और सेक्टर-15 में 366 उद्यमियों ने उद्योग लगाने के लिए आवेदन किया है। आवेदकों में कोका कोला कंपनी और खाद कारखाना के लिए बैग, क्राकरी आइटम संबंधी उद्योगों के उद्यमी भी शामिल हैं। उद्यमियों को इन दोनों सेक्टर में भूखंड आवंटित होगा। गीडा ने आवंटन की तैयारियां शुरू कर दी हैं। इसके लिए अपर मुख्य कार्यपालक अधिकारी (एसीईओ) की अध्यक्षता में सात सदस्यीय कमेटी का गठन किया गया है।
गोरखपुर औद्योगिक विकास प्राधिकरण (गीडा) के सेक्टर-13 और 15 के विस्तार में 68 भूखंड तैयार किए गए थे। पहले इसकी कीमत 6800 रुपये प्रतिवर्ग मीटर निर्धारित थी, लेकिन बाद में कीमत घटाकर 6000 रुपये प्रतिवर्ग मीटर कर दी गई। 31 जुलाई तक आवेदन करना था, लेकिन इस तिथि तक करीब 150 आवेदन आए। कीमत कम होने के बाद तीन दिन का मौका और दिया गया था। इसके बाद 216 आवेदन और आ गए। सर्वाधिक आवेदन 170 से 1000 वर्ग मीटर तक के भूखंडों के लिए आए हैं। इसके लिए 296 लोगों ने आवेदन किया है। इसमें बाहर के उद्यमियों ने भी आवेदन किया है।
गीडा ने आवेदन प्रपत्रों की जांच शुरू कर दी है। एक सप्ताह के भीतर आवंटन की प्रक्रिया भी शुरू हो जाएगी। 170 से 500 वर्ग मीटर तक के भूखंड के आवंटन के लिए लॉटरी निकाली जाएगी। इससे बड़े भूखंडों के लिए सात सदस्यीय कमेटी बनाई गई है। इन भूखंडों के लिए आए प्रस्तावों के आधार पर आवंटन का निर्णय लिया जाएगा। उद्यमियों को सभी सुविधाएं प्रदान की जाएंगी।
- संजीव रंजन, सीईओ, गीडा