गोरखपुर के गगहा थाना क्षेत्र से एक बड़ा ही अजीब और हैरान करने वाला सामने आया है जहां पिता-पुत्र छोटी सी बात पर एक-दूसरे की जान के प्यासे बन गए। विवाद इतना बढ़ा कि पुत्र ने पिता को मौत के घाट उतार डाला।
गगहा क्षेत्र के कहला निवासी 60 वर्षीय जगदीश ने घरेलू विवाद के दौरान बुधवार रात को घर में रखे मेज पंखे को गुस्से में आकर तोड़ दिया जिसके बाद जगदीश व उसके 22 वर्षीय बेटे राहुल से कहासुनी होने लगी। किसी तरह परिवार के लोगों ने उन्हें शांत कराया लेकिन मन के अंदर सुलग रही चिंगारी शान्त नहीं हुई थी। सुबह होते ही फिर से पिता-पुत्र में हाथापाई होने लगी। पुत्र ने इसकी सूचना 112 नंबर पर दी। मौके पर पहुंची पुलिस पिता पुत्र को समझाकर लौट गई।
सुबह करीब 8.00 बजे पिता ने अपने बेटे राहुल के ऊपर चाकू से वार कर दिया। चाकू राहुल के गले पर हल्की सी लग गई, छुड़ाने गई पत्नी को भी जगदीश ने धक्का दे दिया। वाद-विवाद बढ़ता चला गया। गुस्से में आकर पुत्र ने लाठी से पीटकर अपने पिता की हत्या कर दी और शव के पास बैठकर रोने लगा। कुछ देर बाद राहुल ने खुद ही इस घटना की सूचना गगहा पुलिस को दी।
पुलिस ने आरोपी पुत्र राहुल को गिरफ्तार कर लिया है। शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। मृतक जगदीश के चार पुत्र हैं। दोनों बड़े बेटों प्रेमचन्द व उमेश की शादी हो चुकी है तथा राहुल व रोहित अभी अविवाहित हैं। हत्यारोपी पुत्र राहुल राजस्थान रहता है, अभी 15 दिन पहले ही होली का त्योहार मनाने घर लौटा था।
थानाध्यक्ष गगहा जयंत कुमार सिंह ने कहा कि मामूली कहासुनी में पिता और पुत्र के बीच का वाद विवाद बढ़ता चला गया। पुत्र के हाथों पिता की हत्या हुई है। आरोपी ने जुर्म खुद स्वीकार किया है। अग्रिम कार्रवाई जारी है।