बिजली निगम ने इस गर्मी उपभोक्ताओं को बेहतर आपूर्ति देने का खाका तैयार कर लिया है। आरएपीडीआरपी योजना के तहत शहर के सभी खंडों के जर्जर पोल और बिजली के तार पुराने तारों को बदला जाएगा। इससे फाल्ट राहत मिलेगी। योजना के तहत दो वितरण खंडों में काम शुरू भी कर दिया गया है।
शहरी इलाकों में खुले तारों में कटिया लगाकर लोग बिजली चोरी करते थे। इससे लोड बढ़ने से फाल्ट होता था। इस पर नियंत्रण के लिए शहरी इलाकों में सभी पुराने तारों को बदलकर एरियर बंच कंडक्टर (एबीसी) वायर लगाए जाएंगे। फिलहाल बक्शीपुर और टाउहाल उपकेंद्र से जुड़े इलाकों में इन तारों को लगाया जा रहा है। चारों वितरण खंड में करीब सात करोड़ रुपये की लागत से काम पूरा किया जाएगा।
अधीक्षण अभियंता शहरी यूसी वर्मा ने बताया कि गर्मी शुरू होने से पहले ही चारों वितरण खंडों में काम पूरा कर लिया जाएगा। अधिशासी अभियंता ने बताया कि पुराने व क्षतिग्रस्त बिजली के खंभों को भी जल्द ही हटाया जाएगा। शहरी क्षेत्र में लगभग ढाई सौ बिजली के खंभे लगाए जाएंगे। इनमें प्रमुख रूप से पानमती गली, बिलंदपुर, इंद्रानगर, मूसा मंडी, बक्शीपुर, सूरजकुंड, दुर्गाबाड़ी, दिव्य नगर, मोहद्दीपुर, बिछिया, रामजानकी नगर स्वागत कुंज समेत अन्य चारों वितरण खंड में लगाया जाएगा।