अब नई फर्म बिजली उपभोक्ताओं के घरों में जाकर बिल बनाएगी। इस संबंध में बिजली निगम की नई बिलिंग एजेंसी क्वैश क्राप ने अपने मीटर रीडरों को प्रतिमाह के हिसाब से बिलिंग का लक्ष्य दिया है। प्रत्येक मीटर रीडर को गोरखपुर के ग्रामीण इलाके में 1800 और शहरी क्षेत्र में 2200 उपभोक्ताओं के बिल बनाने होंगे।
दरअसल, लगातार शिकायतों के बाद पिछले महीने पुरानी बिलिंग एजेंसी का ठेका समाप्त कर दिया गया। इसके बाद पूर्वांचल में बेंगलुरु की कंपनी को बिलिंग का जिम्मा सौंप दिया। गोरखपुर जोन के विभिन्न खंडों के 20.05 लाख उपभोक्ताओं को निर्धारित समय पर बिजली बिल मुहैया कराने और भुगतान लेने की जिम्मेदारी भी इसी कंपनी की है। पहली नवंबर से जोन के सभी वितरण खंडों में फर्म ने बिलिंग शुरू भी करा दी है।
अधीक्षण अभियंता शहरी यूसी वर्मा ने बताया कि अनुबंध के अनुसार कंपनी महीने की पहली तारीख से 28 तक बिलिंग करेगी। बताया कि इस फर्म के साथ अवर अभियंता की जिम्मेदारी बढ़ जाएगी। उन्हें प्रतिदिन अपने क्षेत्र के मीटर रीडर द्वारा किए गए बिलिंग के आंकड़े को देखना है। जमा किए गए राजस्व की रिपोर्ट भी बनानी होगी। इसे एसडीओ को सौंपना है।
जिले में कुल हैं 418 मीटर रीडर
ग्रामीण व शहरी क्षेत्र में कुल 418 मीटर रीडर हैं। ये सभी रीडर पुरानी फर्म के साथ अनुबंध के तहत काम कर रहे थे। अब फर्म बदले जाने के बाद भी इन्हीं के जिम्मे बिलिंग का काम होगा। शहरी क्षेत्र में 94 मीटर रीडर, ग्रामीण वितरण मंडल द्वितीय में 165 मीटर रीडर व ग्रामीण वितरण मंडल प्रथम 159 मीटर रीडर काम करते रहे है। हालांकि इनमें कुछ नए मीटर रीडरों को भी एजेंसी लेगी।