करीब पांच करोड़ रुपये की लागत से गोरखपुर शहर का महुई सुघरपुर वार्ड संवरेगा। ऐसे में अगले बरसात में वार्ड के मोहल्ले पानी में नहीं डूबेंगे। वार्ड से जलभराव की समस्या दूर करने के लिए करीब तीन करोड़ रुपये की लागत से आठ नाले बनाए जाएंगे। इसके लिए स्वीकृति मिल चुकी है, जल्द ही निर्माण कार्य शुरू भी हो जाएगा। इसके अलावा करीब दो करोड़ रुपये की लागत से सड़कों का निर्माण होगा।
महुई सुघरपुर वार्ड शहर के बाहरी वार्ड के रूप में माना जाता है। बारिश के दिनों में यहां कई गलियों में पानी भर जाता है। नाली-नाले नहीं होने की वजह से जलनिकासी भी नहीं हो पाती है। ऐसे में लोगों को काफी परेशानी झेलनी पड़ती है। इसको देखते हुए पार्षद चंद्रप्रकाश सिंह गोली के प्रस्ताव के बाद वार्ड में सड़क और नालों के निर्माण की स्वीकृति हो चुकी है। इससे वार्ड के लोगों को अगले बारिश में जलभराव की समस्या से काफी हद तक निजात मिल जाएगी। सड़कों के बनने से भी लोगों को काफी राहत मिलेगी।
यहां बनेंगे नाले (लाख में)
- पार्वती नगर में बब्बन उपाध्याय के मकान से शिवा ड्राइक्लीन तक- 37.02
- शिवाजी नगर में जितेंद्र बहादुर के मकान से आरपी पांडेय के मकान तक- 19.36
- विवेकपुरम में अजय तिवारी के मकान से परमानंद तिवारी तक - 34.58
- शिवपुर में दुर्गा मंदिर से भव्या मैरेज हाल तक - 29.10
- न्यू फुलवरिया में रंजीत टेंट हाउस से रामाश्रय लाल श्रीवास्तव के मकान तक- 35.44
- साकेतनगर में दिलीप पासवान के मकान से साकेत नगर मोड़ तक - 41.66
- विवेकपुरम में भरवलिया रोड से बालाजी ट्रेंडिंग कंपनी से होलीफ्लेम स्कूल तक - 39.40
- न्यू कॉलोनी फुलवरिया में बगहा बाबा रोड से नागेंद्र पासवान के मकान तक - 22.59
यहां बनेंगी सड़कें
पार्षद चंद्रप्रकाश सिंह उर्फ गोली सिंह ने बताया कि बगहा बाबा मुख्य मार्ग से सरोजनी के घर होते हुए एनपी गौड़ के मकान तक इंटरलॉकिंग सड़क और नाली। प्रयागपुरम में नाले पर स्लैब। पंकज राजभर के मकान से मोती के घर होते हुए विजय सोनकर के मकान तक नाली एवं सड़क। जवाहर कसौधन के मकान से मिर्जापुर शिव मंदिर होते हुए पिंटू पासवान के मकान तक नाली सड़क। शिवाजी नगर में अवतारी देवी के मकान से आंचल द्विवेदी एवं कृष्णानंद श्रीवास्तव के मकान होते हुए पूर्णमासी के मकान तक सीसी रोड एवं आरसीसी नाले। पार्वती नगर कॉलोनी में बब्बन उपाध्याय के मकान से डीएन राय के मकान तक सीसी रोड एवं आरसीसी नाली। कृष्ण कुमार त्रिपाठी के घर से पुष्पांजलि मैरेज हाल तक खड़ंजा एवं नाली।
नगर आयुक्त अविनाश सिंह ने बताया कि महुई सुघरपुर वार्ड में जलभराव की समस्या को देखते हुए सीवरेज एवं जल निकासी की व्यवस्था के लिए करीब तीन करोड़ रुपये के प्रस्ताव को मंजूरी दी गई है। इसके लिए धनराशि अवमुक्त भी कर दी गई है।