अखिल भारतीय आयुर्विज्ञान संस्थान (एम्स) की ओपीडी में परामर्श के लिए मरीज घर बैठे ही ऑनलाइन अपॉइंटमेंट ले सकेंगे। एम्स प्रशासन ने ऑनलाइन पंजीकरण की सुविधा शुरू कर दी है। मरीज या उनके परिजन ऑनलाइन पंजीकरण के बाद शुल्क जमा कर अपना नंबर पा सकते हैं। इसके लिए एंड्रायड मोबाइल फोन में एम्स गोरखपुर ई-आरोग्य एप डाउनलोड करना होगा।
एम्स में रोजाना 1200 से 1500 मरीज ओपीडी में डाक्टरों से परामर्श लेते हैं। इतने ही मरीज या उनके परिजन रोजाना पंजीकरण के लिए आते हैं। इससे व्यवस्था बनाने में दिक्कतों का सामना करना पड़ता है। इसे देखते हुए एम्स प्रशासन ने बड़ी पहल की है और ऑनलाइन पंजीकरण की सुविधा दे दी है।
ऑनलाइन भी करा सकेंगे पंजीकरण
जो मरीज एम्स में पंजीकृत नहीं हैं, वह भी ऑनलाइन पंजीकृत हो सकते हैं। पंजीकरण शुल्क 20 रुपये और ओपीडी में नंबर लगाने के लिए प्रति विभाग 10 रुपये जमा करने होंगे।
ऐसे करें पंजीकरण
- मोबाइल फोन में गूगल प्ले स्टोर से IIMS Gorakhpur e-Aarogya एप डाउनलोड करें।
- एम्स में पहले से पंजीकृत मरीज को ओपीडी टिकट पर जारी मोबाइल नंबर से लॉगिन करना होगा।
- जो मरीज पहले से पंजीकृत नहीं हैं वह लॉगिन करने के बाद स्वयं पंजीकरण (Register Yourself) में विवरण भरेंगे तथा रजिस्टर बटन पर क्लिक कर पंजीकरण संख्या प्राप्त करेंगे।
- पंजीकरण संख्या मिलने के बाद ऑनलाइन अपॉइंटमेंट सेक्शन में मरीज के रोग से संबंधित विभाग का चयन करेंगे। साथ ही विभाग के डॉक्टर का चयन करेंगे।
- इसके बाद दिन और समय का चयन कर ऑनलाइन फीस जमा करें और अपना अपॉइंटमेंट पक्का कर लें।
- एम्स में आने के समय अपॉइंटमेंट का प्रिंट या एसएमएस कर्मचारी को दिखाना होगा
- ऑनलाइन अपॉइंटमेंट वाले मरीजों को पंजीकरण काउंटर पर पंजीकरण संख्या बताकर ओपीडी टिकट लेना होगा। काउंटर पर नकद रुपये नहीं देने होंगे।
- निर्धारित तिथि पर समय से अधिकतम 30 मिनट तक ही अपॉइंटमेंट की वैधता रहेगी। इसके बाद अपॉइंटमेंट रद्द कर दिया जाएगा। फिर 10 रुपये ऑनलाइन जमा कर अपॉइंटमेंट लेना होगा।
- ऑनलाइन पंजीकरण का समय सोमवार से शुक्रवार सुबह आठ बजे से अपराह्न तीन बजे तक निर्धारित किया गया है।
समस्या हो तो यहां करें ई-मेल
Onlineappointmentaiimsgkp@gmail.com