गोरखपुर जिले के चौरीचौरा थाना क्षेत्र के डुमरी खुर्द में बृहस्पतिवार को एक महिला ने प्रधानमंत्री आवास के दो लाख रुपये के लालच में सोने का टप्स गंवा दिए। घर पर पहुंचे दो जालसाजों ने फर्जी चेक दिखाकर उसे देने के बदले दस हजार रुपयों की मांग की। नकदी न होने पर महिला के टप्स लेकर फरार हो गए। सूचना के बाद पहुंची पुलिस मामले की जांच कर रही है।
जानकारी के मुताबिक, डुमरी खुर्द गांव निवासी सुभाष गोंड के घर पर बृहस्पतिवार दोपहर पत्नी महेशी देवी अकेले थीं। इसी बीच पहुंचे दो युवकों ने बताया कि प्रधानमंत्री आवास के मद का दो लाख का चेक आया है। महिला ने कहा कि आवास के लिए आवेदन कर चुकी हूं।
इस पर जालसाजों ने फर्जी चेक देकर उनसे घूस के तौर पर दस हजार रुपयों की मांग की। महेशी ने रुपये नहीं होने की बात कही। इस पर जालसाजों ने कहा कि बार-बार घर नहीं आ पाएंगे। इसके बाद जालसालों ने कोई जेवर ही देने की बात की।
झांसे में आकर महिला ने कान के टप्स दे दिए। जालसाज टप्स लेकर फरार हो गए। जब लोगों को चेक दिखाया तो पता चला कि वह फर्जी है। चेक 2017 का है और उसपर एकाउंट नंबर भी नहीं है।