गोरखपुर जिले के शाहपुर इलाके के संगम चौराहा स्थित एक रेस्त्रां में सोमवार सुबह एक युवक के साथ स्कूली ड्रेस में पहुंची छात्रा को देख संचालक ने पुलिस को सूचना दे दी। थोड़ी देर में पुलिस पहुंची और छात्रा व युवक को थाने ले गई। बाद में घरवालों को बुलाकर उनकी करतूत को बताते हुए सुपुर्द कर दिया।
जानकारी के मुताबिक, सुबह नौ बजे संगम चौराहा स्थित एक रेस्त्रां में एक युवक छात्रा को लेकर पहुंचा। छात्रा स्कूली ड्रेस में थी, जो शहर के एक नामी स्कूल में पढ़ती है। छात्रा को स्कूली ड्रेस में देखकर संचालक तनवीर ने युवक को मना किया। बोला यहां स्कूली ड्रेस में आने पर प्रवेश वर्जित है।
इसके बाद युवक संचालक को सिपाही का पुत्र बताकर धौंस जमाने लगा। संचालक ने पुलिस को सूचना दे दी। इस संबंध में शाहपुर थानाध्यक्ष दुर्गेश कुमार सिंह ने बताया कि कोई तहरीर नहीं मिली है। इसलिए कार्रवाई नहीं की गई। परिजन को बुलाकर हिदायत देने के बाद छोड़ दिया गया।