गोरखपुर जिला अस्पताल के महिला वार्ड भर्ती 24 वर्षीय युवती की रविवार रात इलाज के दौरान मौत हो गई। लापरवाही का आरोप लगाते हुए परिजनों ने हंगामा किया। सूचना पर पहुंची कोतवाली पुलिस ने किसी तरह लोगों को शांत कराया। हालांकि, परिजनों ने किसी तरह की शिकायत नहीं की है।
राजघाट थाना क्षेत्र के रायगंज निवासी आरएन यादव की बेटी अंकिता यादव (24) की रविवार शाम अचानक तबीयत खराब हो गई। परिजन जिला अस्पताल लेकर आए। इलाज के बाद स्वास्थ्य कर्मी अंकिता को न्यू बिल्डिंग के दूसरे फ्लोर पर भर्ती करा दिया। देर रात अचानक तबीयत फिर बिगड़ गई।
डॉक्टर मेडिकल कॉलेज रेफर करने में जुटे ही थे कि उसकी मौत हो गई। इस पर परिजनों ने लापरवाही का आरोप लगाते हुए हंगामा शुरू कर दिया। जिला अस्पताल के एसआईसी डॉ. राजेंद्र ठाकुर ने बताया कि लापरवाही की बात पूरी तरह से निराधार है। मरीज की मौत हुई। उसकी तबीयत अचानक बिगड़ गई थी। बाद में परिजनों को समझाकर शांत कराया गया।